
प्रतीकात्मक छवि (image source: internet)
Lalitpur: उत्तर प्रदेश में ललितपुर जिले के तालबेहट कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक हादसे ने शादी की खुशियों को मातम में बदल दिया। हर्षपुर गांव में चल रहे शादी समारोह के दौरान पांच युवक राजघाट नहर में नहाने गए थे। इसी दौरान नहर के तेज बहाव और गहरे पानी में फंसने से तीन युवकों की मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में चीख-पुकार मच गई और परिवारों में मातम छा गया।
जानकारी के मुताबिक, सुबह करीब 7 बजे युवक नहर में नहा रहे थे। तभी एक युवक अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने के लिए उसके साथी भी पानी में कूद पड़े, लेकिन तेज बहाव के कारण स्थिति और गंभीर हो गई। देखते ही देखते चार युवक पानी में फंस गए। आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया तो ग्रामीण मौके पर दौड़ पड़े।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने तुरंत बचाव अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद युवकों को नहर से बाहर निकाला गया और तुरंत तालबेहट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक युवक की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।
गोरखपुर: राह चलते युवक से 77 हजार की लूट का खुलासा, तीन बदमाश गिरफ्तार
मृतकों की पहचान मिथुन (28) पुत्र नारायण, धर्मेंद्र (20) पुत्र कपूर निवासी प्राणपुरा चंदेरी और धीरज (22) पुत्र मनीराम निवासी बस्त्रावनन के रूप में हुई है। वहीं जगदीश (32) पुत्र सरमन निवासी हर्षपुर गंभीर रूप से घायल है। घटना की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। शादी वाले घर में जहां कुछ देर पहले खुशियों का माहौल था, वहां अचानक मातम छा गया।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। तालबेहट कोतवाली प्रभारी मनोज मिश्रा ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से नहर और गहरे जल स्रोतों के पास सावधानी बरतने की अपील की है।
Kanpur Dehat News: बिरहुन हादसे के पीड़ित परिवार के लिए आगे आए सपा प्रमुख अखिलेश यादव, पढ़े पूरी खबर
स्थानीय लोगों का कहना है कि राजघाट नहर में पहले भी कई हादसे हो चुके हैं, लेकिन सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं किए गए। ग्रामीणों ने प्रशासन से नहर किनारे सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है। इस हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है और गांव में शोक का माहौल बना हुआ है।
Location : Lalitpur
Published : 7 May 2026, 5:25 PM IST