हिंदी
डॉक्टर पर लगाया लापरवाही का आरोप सोर्स डाइनामाइट न्यूज
Maharajganj: में एक डॉक्टर के यहा इलाज कराता रहा परंतु समय बीतने के साथ हमारी परेशानी बढ़ती गई, हमें अब न्याय चाहिए। यह कहना है निचलौल तहसील क्षेत्र के ग्राम भेड़िया निवासी एक युवक का। उसनें न्याय के लिए डीएम गौरव सिंह सोगरवाल से गुहार लगाते हुए बताया कि इलाज के नाम पर लाखों रुपये खर्च करने के बावजूद उसकी हालत में कोई सुधार नहीं हुआ, बल्कि दर्द और परेशानी पहले से ज्यादा बढ़ गई है।
क्या है पूरी खबर?
ग्राम भेड़िया पोस्ट देउरवा निवासी सुधाकर गौड़ पुत्र चन्द्रभान गौड़ ने जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल को दिए गए शिकायती पत्र में बताया कि उन्होंने 15 जून 2025 को चिउरहा स्थित संजीवनी हॉस्पिटल में अपने दाहिने पैर का ऑपरेशन कराया था। यह ऑपरेशन डॉ. प्रवीण गुप्ता द्वारा किया गया था, जिसमें लगभग ढाई से तीन लाख रुपये तक का खर्च आया।
ऑपरेशन से पहले डॉक्टर ने भरोसा दिलाया
पीड़ित के अनुसार ऑपरेशन से पहले डॉक्टर ने भरोसा दिलाया था कि सर्जरी के बाद वह पूरी तरह स्वस्थ हो जाएंगे और सामान्य रूप से चल-फिर सकेंगे। लेकिन ऑपरेशन के बाद स्थिति सुधरने के बजाय और बिगड़ती चली गई। पैर में लगातार दर्द, सूजन और चलने-फिरने में गंभीर दिक्कत बनी हुई है, जिससे उनका दैनिक जीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है।
मानसिक तनाव और आर्थिक नुकसान
सुधाकर गौड़ का आरोप है कि ऑपरेशन के बाद जब उन्होंने कई बार अस्पताल जाकर डॉक्टर को अपनी परेशानी बताई, तब हर बार उन्हें केवल “सब ठीक हो जाएगा” कहकर टाल दिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी समस्या को गंभीरता से नहीं लिया गया और सही उपचार नहीं किया गया। इससे उन्हें शारीरिक पीड़ा के साथ-साथ मानसिक तनाव और आर्थिक नुकसान भी झेलना पड़ रहा है।
मुजफ्फरनगर में BKU का टिकैत चौक पर जोरदार प्रदर्शन, किसानों ने नगर पालिका पर उठाए सवाल
पीड़ित ने जिलाधिकारी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, संबंधित डॉक्टर और अस्पताल के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने तथा इलाज के नाम पर खर्च कराए गए रुपये वापस दिलाने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि उन्हें पैसा वापस मिल जाए तो वह किसी बड़े और बेहतर अस्पताल में अपना इलाज करा सकेंगे।
मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल गर्म है। लोग निजी अस्पतालों की कार्यशैली और इलाज की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठा रहे हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन इस गंभीर शिकायत पर क्या कदम उठाता है।
Location : Maharajganj
Published : 11 May 2026, 4:45 PM IST
Topics : crime news DM Maharajganj Latest News UP News UP Police