सपा ने भिण्ड हादसे के पीड़ित परिवारों को दी आर्थिक मदद, दर्द में साथ हुई खड़ी

भिण्ड के दर्दनाक सड़क हादसे के बाद सियासत से आगे बढ़कर मदद का हाथ बढ़ाया गया है। हादसे में अपनों को खोने वाले परिवारों के बीच समाजवादी पार्टी पहुंची और सरकारी सहायता का इंतजार किए बिना आर्थिक मदद सौंप दी।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 21 August 2026, 1:35 AM IST

Lakhimpur Kheri: मध्य प्रदेश के भिण्ड जिले में एनएच-719 पर हुए भीषण सड़क हादसे के पीड़ित परिवारों के बीच समाजवादी पार्टी ने पहुंचकर आर्थिक मदद दी। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की ओर से सरकारी सहायता पहुंचने से पहले ही आठ मृतकों के परिजनों को एक-एक लाख रुपये और 15 घायलों को दस-दस हजार रुपये के चेक दिए गए।

मोहनलालगंज सांसद आरके चौधरी और धौरहरा सांसद आनंद भदौरिया को अखिलेश यादव ने चेक सौंपकर तत्काल पीड़ित परिवारों तक पहुंचने के निर्देश दिए थे। दोनों सांसदों ने मोहम्मदी क्षेत्र में पहुंचकर मृतकों के परिजनों और घायलों से मुलाकात की और सहायता राशि वितरित की।

सपा ने बढ़ाया मदद का हाथ

धौरहरा सांसद आनंद भदौरिया ने बताया कि मोहम्मदी क्षेत्र के मजदूर मध्य प्रदेश में धान की रोपाई के लिए गए थे। काम पूरा होने के बाद पिकअप से वापस लौटते समय भिण्ड जिले में एनएच-719 पर हादसा हो गया। दुर्घटना में आठ मजदूरों की मौत हुई, जबकि कई अन्य घायल हो गए।

सांसद ने पसगवां के निजी अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना। इसके बाद पसगवां, किशनपुर अजीत, हरनानारायनपुर और बैलातुरसिया समेत विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर पीड़ित परिवारों को सहायता राशि दी।

रोजगार के लिए परदेस गए, हादसे ने छीन ली जिंदगी

सांसद आरके चौधरी ने कहा कि प्रदेश में पर्याप्त रोजगार उपलब्ध नहीं होने के कारण गरीब मजदूरों को रोजी-रोटी के लिए दूसरे राज्यों में जाना पड़ रहा है। स्थानीय स्तर पर रोजगार मिलता तो शायद इन मजदूरों को जान गंवाकर घर नहीं लौटना पड़ता।

आर्थिक सहायता

हादसे में जान गंवाने वालों में उपदेश भार्गव, अमर सिंह भार्गव, सुखदेव भार्गव, रजनीश भार्गव, भूरे लाल भार्गव, गुड्डू भार्गव, सुभाष भार्गव और सर्वेश कुमार राठौर शामिल हैं। इनके परिजनों को एक-एक लाख रुपये के चेक दिए गए।

घायलों में शिवकुमार भार्गव, देवेंद्र कुशवाहा, सोमपाल पासी, रामाकांत भार्गव, पिंकू भार्गव, आकाश भार्गव, रामकरन भार्गव, बलकिशुन भार्गव, अरविंद कुमार भार्गव, रामकुमार भार्गव, रामदास भार्गव, रंजीत भार्गव, नन्दलाल भार्गव, अखिलेश भार्गव और विकास भार्गव समेत अन्य शामिल हैं।

हाईकोर्ट ने लगाई फटकार, अफसरों ने संभाला मोर्चा; प्रयागराज में पानी निकालने के लिए रात-दिन जुटी टीमें!

सपा ने सरकार से की ये मांग

सपा ने सरकार से मृतकों के परिजनों को 25-25 लाख और घायलों को पांच-पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की मांग की है। साथ ही समाजवादी सरकार में शुरू की गई कृषक दुर्घटना बीमा योजना का लाभ भी पीड़ित परिवारों को देने की मांग की गई।

सपा जिलाध्यक्ष रामपाल सिंह यादव ने कहा कि घायलों का इलाज सरकार को अपने स्तर से कराना चाहिए। आरोप लगाया कि कई घायल अपने खर्च पर इलाज कराने को मजबूर हैं।

यूपी की सबसे बड़ी ख़बर: सुल्तानपुर, मेरठ, गोंडा, झाँसी, बिजनौर, संभल और बलरामपुर के SP बदले गए

ये सपा नेता रहे मौजूद

इस दौरान पूर्व विधायक रामसरन, पूर्व विधायक सुनील लाला, पूर्व मंत्री एवं विधायक डॉ. आरए उस्मानी, प्रदेश सचिव श्रीकृष्ण राज, विधानसभा अध्यक्ष सुरेश पाल यादव समेत बड़ी संख्या में सपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Location :  Lakhimpur Kheri

Published :  21 August 2026, 1:24 AM IST