
रामकथा से पहले भक्ति के रंग में रंगा कुंडा (IMG: Dynamite News)
Pratapgarh: प्रतापगढ़ के कुंडा में इन दिनों आस्था का ऐसा सैलाब उमड़ रहा है कि पूरा इलाका राममय नजर आ रहा है। कहीं सिर पर मंगल कलश लेकर महिलाएं जय श्रीराम के जयकारे लगा रही हैं तो कहीं ढोल-नगाड़ों और बैंड-बाजे की धुन पर श्रद्धालु झूमते नजर आ रहे हैं। मौका है बेंती राजभवन में होने वाली अंतरराष्ट्रीय कथावाचक पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की श्रीराम कथा का। कथा शुरू होने से पहले सोमवार को कुंडा तहसील के चारों विकासखंडों और चारों नगर पंचायतों में एक साथ भव्य कलश यात्रा निकाली गई।
बेंती राजभवन के परेड ग्राउंड में मंगलवार से शुरू होने वाली श्रीराम कथा को लेकर सोमवार को पूरे कुंडा क्षेत्र में धार्मिक उत्साह देखने को मिला। कथा के शुभारंभ से पहले कुंडा, बाबागंज, बिहार और कालाकांकर विकासखंडों में एक साथ कलश यात्राओं का आयोजन किया गया। इसके अलावा कुंडा, हीरागंज, बाबागंज और कालाकांकर नगर पंचायतों में भी श्रद्धालुओं ने भव्य कलश यात्रा निकाली। सुबह से ही अलग-अलग इलाकों में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी थी। महिलाएं सिर पर मंगल कलश धारण कर मंगल गीत गाते हुए यात्रा में शामिल हुईं।
इस भव्य आयोजन में कुंडा विधायक राजा भैया के दोनों बेटों शिवराज और बृजराज की मौजूदगी खास आकर्षण रही। जनसत्ता दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह के पुत्रों ने कलश यात्रा की अगुवाई की। बाबागंज ब्लॉक के कनावा से शुरू हुई यात्रा में बृजराज की एक झलक पाने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे। यात्रा कनावा से शुरू होकर टिकरिया होते हुए नगर पंचायत हीरागंज चौराहे पर पहुंची। यहां मंडल अध्यक्ष विनोद यादव और सभासद पप्पन सिंह के नेतृत्व में हजारों श्रद्धालुओं ने यात्रा का स्वागत किया।
हीरागंज स्थित मायर देवी मंदिर से निकली कलश यात्रा में सबसे खास नजारा बुलडोजर से की गई पुष्पवर्षा का रहा। श्रद्धालुओं और महिलाओं के स्वागत के लिए बुलडोजर के जरिए ऊपर से फूल बरसाए गए। जैसे ही फूलों की बारिश शुरू हुई, पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। डीजे, बैंड-बाजे और ढोल-नगाड़ों की धुन के बीच हजारों महिलाएं सिर पर कलश लेकर आगे बढ़ती रहीं। रास्ते में जगह-जगह लोगों ने यात्रा का स्वागत किया।
रामकथा से पहले भक्ति के रंग में रंगा कुंडा, सुरक्षा के मद्देनजर पुलिसकर्मियों को ब्रीफ किया गया (IMG: Dynamite News)
कुंडा के बेंती राजभवन स्थित परेड ग्राउंड में मंगलवार से पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की श्रीराम कथा शुरू होने जा रही है। आयोजकों के मुताबिक, बागेश्वर धाम सरकार सोमवार शाम करीब 5 बजे प्रयागराज के बमरौली एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद सड़क मार्ग से रात करीब 10 बजे तक बेंती राजभवन पहुंचने का कार्यक्रम है। मंगलवार को दोपहर 2 बजे से श्रीराम कथा का शुभारंभ होगा। कथा प्रतिदिन शाम 6 बजे तक चलेगी और 19 नवंबर तक जारी रहेगी। इसके बाद 20 नवंबर को पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की ओर से श्रद्धालुओं के कल्याण के लिए भव्य दिव्य दरबार लगाया जाएगा।
प्रतापगढ़ में बेखौफ बदमाशों का आतंक, सुलह न करने पर अधेड़ को मारी गोली, प्रयागराज रेफर
आयोजन समिति और जनसत्ता दल की ओर से कथा में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। बाहर से आने वाले भक्तों के ठहरने और निशुल्क भोजन के लिए भंडारे की व्यवस्था की गई है। कथा पंडाल के आसपास भव्य मेला और अस्थायी बाजार भी सजाया गया है। यहां श्रद्धालुओं को जरूरत की चीजें उपलब्ध कराने के लिए दुकानों की व्यवस्था की गई है।
श्रीराम कथा को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस विभाग ने भी अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को जिलाधिकारी अभिषेक पाण्डेय और पुलिस अधीक्षक दीपक भूकर ने कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान जनपद के साथ दूसरे जिलों से आए पुलिस बल को भी ब्रीफ किया गया। अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी, क्षेत्राधिकारी कुंडा और अन्य जनपदों से आए राजपत्रित अधिकारी भी मौजूद रहे।
Location : Pratapgarh
Published : 16 November 2026, 5:41 PM IST