
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी
Bareilly: उत्तराखंड में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान को उस समय बड़ी सफलता मिली, जब कुमाऊं STF की एंटी नारकोटिक्स यूनिट ने करोड़ों की हेरोइन के साथ एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, STF और किच्छा पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में 1 किलो 33 ग्राम हेरोइन बरामद की गई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 3 करोड़ 10 लाख रुपये आंकी जा रही है। इस कार्रवाई से नशा तस्करों के नेटवर्क में हड़कंप मच गया है।
यह कार्रवाई थाना किच्छा के अंतर्गत आजाद नगर चौकी क्षेत्र में की गई। पुलिस ने मौके से सहनवाज (36 वर्ष) पुत्र इश्तेखार को गिरफ्तार किया, जो उत्तर प्रदेश के बरेली जिले के बहेड़ी तहसील का रहने वाला है। आरोपी के पास से एक मोटरसाइकिल भी बरामद की गई है, जिसका इस्तेमाल वह नशीले पदार्थों की सप्लाई में करता था।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह पूरी कार्रवाई क्षेत्राधिकारी परवेज अली के निर्देशन और STF एंटी नारकोटिक्स यूनिट के प्रभारी निरीक्षक पावन स्वरूप के नेतृत्व में की गई। लंबे समय से तस्करी में लिप्त आरोपियों पर नजर रखी जा रही थी, जिसके बाद सही समय पर यह निर्णायक कदम उठाया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी सहनवाज़ ने कबूल किया है कि वह बरेली के एक व्यक्ति से हेरोइन खरीदकर कुमाऊं क्षेत्र में इसकी सप्लाई करता था। उसने यह भी बताया कि वह अलग-अलग रास्तों और माध्यमों से नशे की खेप पहुंचाता था, ताकि पुलिस की नजरों से बच सके। STF सूत्रों का कहना है कि आरोपी नशा तस्करी के एक बड़े नेटवर्क की अहम कड़ी था।
STF अधिकारियों के अनुसार सहनवाज़ काफी समय से एजेंसी की रडार पर था। उसके मूवमेंट, संपर्कों और सप्लाई चैन पर लगातार नजर रखी जा रही थी। पुख्ता सूचना मिलने के बाद किच्छा पुलिस के सहयोग से उसे रंगे हाथों पकड़ लिया गया।
पटना के बिहटा में दर्दनाक सड़क हादसा, तेजरफ्तार ने ली 6 जानें; पढ़ें पूरी खबर
STF का मानना है कि इस गिरफ्तारी से कुमाऊं क्षेत्र में सक्रिय नशा तस्करी की सप्लाई चेन को बड़ा झटका लगा है। अधिकारी इसे नशा मुक्त उत्तराखंड अभियान की दिशा में एक अहम सफलता मान रहे हैं। फिलहाल आरोपी से जुड़े अन्य तस्करों, सप्लायर्स और खरीदारों की तलाश तेज कर दी गई है।
Location : Bareilly
Published : 1 February 2026, 4:25 PM IST