हिंदी
खखरेडू नगर पंचायत के तकिया मोहल्ले में शुक्रवार शाम दो पक्षों के बीच हुए खूनी संघर्ष में चार से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। करीब एक घंटे तक लाठी-डंडे और ईंट-पत्थर चले। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजकर जांच शुरू की।
पुराने विवाद ने लिया हिंसक रूप
Fatehpur: खखरेडू नगर पंचायत खखरेरू के तकिया मोहल्ले में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब दो पक्षों के बीच चल रहा पुराना विवाद अचानक हिंसक टकराव में बदल गया। देखते ही देखते दोनों ओर से लाठी-डंडे, ईंट-पत्थर चलने लगे। लगभग एक घंटे तक चले इस खूनी संघर्ष से पूरे इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, झगड़े की आवाजें दूर-दूर तक सुनाई दे रही थीं, जिससे आसपास के लोग अपने घरों में दुबकने को मजबूर हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दोनों पक्षों के लोग खुलेआम सड़क पर उतर आए और एक-दूसरे पर ईंट-पत्थरों की बरसात करने लगे। लाठी-डंडों से जमकर हमला किया गया। इस दौरान कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हैरानी की बात यह रही कि सूचना पर पहुंची पुलिस के सामने भी करीब 10 से 15 मिनट तक हिंसा जारी रही, जिसके बाद अतिरिक्त पुलिस बल बुलाकर स्थिति को नियंत्रित किया गया।
Fatehpur: गन्ने से लदा ट्रक बिजली लाइन से टकराया, 4 पोल तार समेत जमीन पर गिरे, बाल-बाल बची महिला
ग्रामीणों के अनुसार इस विवाद की जड़ चार महीने पुरानी है। बताया जा रहा है कि नफीस की बेटी को एजाज अपने साथ ले गया था और दोनों ने शादी कर ली थी। इस बात को लेकर दोनों परिवारों के बीच पहले से ही तनाव चल रहा था। 9 दिसंबर को एजाज अपनी पत्नी के साथ घर लौटा था। उसी दौरान रास्ते में एजाज के भाई कौसर पर आधा दर्जन से अधिक लोगों ने हमला कर दिया था। उस समय पुलिस ने दोनों पक्षों को आरोपी बनाते हुए मामला दर्ज किया था।
पहले मामले के महज दो दिन बाद ही एक बार फिर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। पुरानी रंजिश ने शुक्रवार को खूनी संघर्ष का रूप ले लिया। इस हिंसा में एक पक्ष से कौसर, एजाज और अपसारी बानो, जबकि दूसरे पक्ष से अनवर अहमद, इशरत, अयान और एजाज गंभीर रूप से घायल हो गए।
अचानक भड़का विवाद
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा, जहां उनका इलाज जारी है। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें जरूरत पड़ने पर जिला अस्पताल रेफर किया जा सकता है।
पुलिस ने घटनास्थल से दो स्प्लेंडर, दो अपाचे और एक डिस्कवर बाइक बरामद की हैं। पुलिस का मानना है कि झगड़े के दौरान इन वाहनों का इस्तेमाल मौके पर पहुंचने के लिए किया गया था।
Fatehpur News: हाई टेंशन लाइन की चपेट में आने से महिला की मौत, ग्रामीणों का फूटा गुस्सा
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी खागा मौके पर पहुंचे और भारी मात्रा में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस ने इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गश्त बढ़ा दी है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।