
घटना के बाद जुटी भीड़
Gorakhpur: गोरखपुर जिले के खजनी थाना क्षेत्र में एक छोटे-से विवाद ने एक गरीब मजदूर की जान ले ली। ईंट भट्ठे पर काम करने वाले नियाज (उम्र करीब 43 वर्ष) को स्थानीय युवक आकाश निषाद और उसके साथियों ने ईंटों से जमकर पीटा, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गए। इलाज के दौरान रास्ते में उनकी मौत हो गई।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, मौत की खबर फैलते ही सैकड़ों आक्रोशित मजदूर शव को लेकर एम्बुलेंस से थाने पहुंचे और न्याय की जोरदार मांग की। थाने पर अफरा-तफरी मच गई, पुलिस ने मुख्य आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बीते शुक्रवार (13 फरवरी 2026) को खजनी के डोडो चौराहे के पास शाहिदाबाद मार्ग पर स्थित एक ईंट भट्ठे पर नियाज और आकाश निषाद के बीच मामूली बात पर विवाद हो गया। विवाद तेजी से बढ़ा और आकाश ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर नियाज पर ईंटों से बेरहमी से हमला कर दिया। सिर, छाती और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं। साथी मजदूरों ने उन्हें तुरंत उनके मूल जनपद बस्ती ले जाकर जीएस हॉस्पिटल में भर्ती कराया।
महराजगंज: ऐतिहासिक ट्रामवे इंजन हटाने पहुँची लखनऊ टीम, स्थानीय लोगों का जोरदार विरोध
इलाज के दौरान हालत बिगड़ती गई। मंगलवार (17 फरवरी 2026) सुबह डॉक्टरों ने उन्हें लखनऊ रेफर कर दिया, लेकिन रास्ते में ही नियाज ने दम तोड़ दिया। उनकी मौत ने पूरे क्षेत्र में सनसनी फैला दी।
मृतक के परिजनों और आसपास के कई ईंट भट्ठों पर काम करने वाले सैकड़ों श्रमिकों में भारी रोष फैल गया। उन्होंने शव को लेकर खजनी थाने पहुंचकर गिरप्तारी की मांग की । थाने पर तनावपूर्ण माहौल बना रहा।
वादी फिरोज (पुत्र निजामुद्दीन, ग्राम राजाजोत कला, थाना कप्तानगंज, जिला बस्ती) ने थाने पर प्रार्थना पत्र दिया। इसमें बताया गया कि उनका भाई नियाज ग्राम राउत डाड़ी के भट्ठे पर काम करता था। 13 फरवरी को आकाश निषाद और साथियों ने मारपीट की, गालियां दीं और जान से मारने की धमकी दी। 15 फरवरी को बस्ती में भर्ती कराया गया, लेकिन 17 फरवरी को लखनऊ जाते समय मौत हो गई।
सोनभद्र में चोरी का मामला: हेलमेट पहनकर आए, घर की दीवार तोड़ी और हजारों रुपए ले उड़े
इसके आधार पर थाने में मु0अ0सं0 43/2026 दर्ज किया गया है। धारा 105 (हत्या), 352, 351(3), बीएनएस में मामला दर्ज है। शव का पंचनामा भरकर बीआरडी मेडिकल कॉलेज में पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मुख्य आरोपी आकाश निषाद को हिरासत में ले लिया गया है। जांच जारी है।
खजनी के एसएचओ जयंत सिंह ने कहा, "पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में है।"
Location : Gorakhpur
Published : 17 February 2026, 4:44 PM IST