बातों में उलझाया, फिर गहने लेकर हो गईं फरार! खजनी में दिनदहाड़े महिलाओं से ठगी का मामला, बाजार में मचा हड़कंप

गोरखपुर के खजनी क्षेत्र में दिनदहाड़े कुछ अज्ञात महिलाओं पर एक महिला को बातचीत में उलझाकर उसके गहने लेकर फरार होने का आरोप लगा है। कान के आभूषण और मंगलसूत्र गायब होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

Gorakhpur: खजनी थाना क्षेत्र की उनवल चौकी अंतर्गत पुरानी बाजार वार्ड नंबर 10 में जालसाज महिलाओं ने दिनदहाड़े एक महिला को बातों के जाल में फंसाकर उसके कान के आभूषण और मंगलसूत्र पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। वारदात की जानकारी होते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए और जालसाज महिलाओं की तलाश शुरू की गई, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लग सका।

क्या है पूरी घटना?

बताया जा रहा है कि पुरानी बाजार वार्ड नंबर 10 निवासी मीना देवी घर के आसपास मौजूद थीं। इसी दौरान कुछ अज्ञात महिलाएं वहां पहुंचीं और बातचीत के बहाने उन्हें अपने विश्वास में लेने लगीं। आरोप है कि शातिर महिलाओं ने अपनी बातों में उलझाकर मीना देवी को इस कदर भ्रमित कर दिया कि उन्हें अपने साथ हो रही ठगी का तत्काल एहसास तक नहीं हुआ।

इसी दौरान जालसाज महिलाओं ने मौका पाकर मीना देवी के कान के आभूषण और मंगलसूत्र उतरवा लिए और देखते ही देखते वहां से फरार हो गईं। कुछ देर बाद जब पीड़िता को अपने आभूषण गायब होने का पता चला तो उनके होश उड़ गए। घटना की जानकारी आसपास के लोगों को हुई तो मौके पर भीड़ जमा हो गई।

ये भी पढ़ें- महराजगंज में रामाश्रय विश्वकर्मा का BJP पर हमला, बोले- ‘PDA समाज का हो रहा उत्पीड़न’; 2027 के लिए बूथ मजबूत करने का दिया मंत्र

इलाके में जालसाज महिलाओं के सक्रिय होने की आशंका

दिनदहाड़े हुई वारदात ने पुलिस की सक्रियता पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि भीड़भाड़ वाले इलाकों में जालसाज महिलाओं के सक्रिय होने की आशंका बनी हुई है। महिलाओं को बातचीत में उलझाकर आभूषण लेकर फरार होने की इस घटना से क्षेत्र की महिलाओं में चिंता और दहशत का माहौल है। लोगों ने पुलिस से बाजार और आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध महिलाओं की गतिविधियों पर नजर रखने तथा आरोपितों की पहचान कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

ये भी पढ़ें- Flood Alert: फर्रुखाबाद में गंगा का जलस्तर बढ़ने से बिगड़े हालात, कई गांवों के संपर्क मार्ग जलमग्न

स्थानीय लोगों का कहना है कि जालसाज गिरोह अक्सर बुजुर्ग और अकेली महिलाओं को निशाना बनाते हैं। ऐसे में पुलिस की गश्त और निगरानी बढ़ाने की जरूरत है, ताकि इस तरह की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।

इस संबंध में उनवल चौकी प्रभारी अविनाश कुमार सिंह ने बताया कि मामले में अभी तक कोई लिखित तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने के बाद मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद से स्थानीय लोग पुलिस से जल्द कार्रवाई और जालसाज महिलाओं की पहचान कर उन्हें पकड़ने की मांग कर रहे हैं।

Location :  Gorakhpur

Published :  7 September 2026, 7:13 PM IST

Related News

Advertisement