
कौशांबी के बच्चों ने डीएम से मांगी लाइट (Img: AI Generated Image)
Kaushambi: कौशांबी के चक अहमदीपुर गांव के तीन बच्चों का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ। वीडियो में बच्चे हाथ जोड़कर जिलाधिकारी से गांव में स्ट्रीट लाइट लगवाने की अपील करते नजर आए। बच्चों ने बताया कि शाम होते ही गांव की गलियों में अंधेरा छा जाता है। अंधेरे के कारण उन्हें जरूरी काम से बाहर निकलने में डर लगता है।
बच्चों ने यह भी बताया कि गांव के आसपास खेत हैं, जहां से जंगली जानवरों के आने का खतरा बना रहता है।
बच्चों की यह अपील सोशल मीडिया के जरिए जिला प्रशासन तक पहुंची। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी अमित कुमार पाल ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। डीएम के निर्देश के बाद बिजली विभाग की टीम सक्रिय हुई और मंगलवार देर रात चक अहमदीपुर गांव पहुंच गई। टीम ने गांव में स्ट्रीट लाइट लगाने का काम शुरू कर दिया।
ये भी पढ़ें- Bareilly: किसानों के 70 करोड़ अदा करने के लिये 180 करोड़ की नवाबगंज मिल बेचेगी सरकार, खरीदार की तलाश तेज
सूचना अधिकारी रवि जायसवाल ने बताया कि सोशल मीडिया पर वीडियो सामने आने के करीब 10 घंटे के भीतर ही गांव में स्ट्रीट लाइट लगाने की कार्रवाई शुरू हो गई। रात में ही कई स्थानों पर स्ट्रीट लाइटें लगा दी गईं। इससे गांव की कई गलियां रोशन हो गईं और ग्रामीणों को अंधेरे से राहत मिली।
स्ट्रीट लाइट लगने के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन की कार्रवाई पर खुशी जताई। ग्रामीणों का कहना है कि गांव में रात के समय अंधेरा रहने से लोगों को परेशानी होती थी। खासकर बच्चों और महिलाओं को आने-जाने में डर बना रहता था। खेतों के आसपास होने के कारण जंगली जानवरों का खतरा भी रहता था। अब रोशनी की व्यवस्था होने से लोगों को राहत मिलेगी।
ये भी पढ़ें- बलरामपुर में भीषण सड़क हादसा: टैंकर की टक्कर से मां-बेटे की दर्दनाक मौत, बोलेरो सवार आए चपेट में
बच्चों ने भी गांव में स्ट्रीट लाइट लगने पर जिलाधिकारी अमित कुमार पाल को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपनी समस्या प्रशासन के सामने रखी थी और अधिकारियों ने उनकी बात पर तुरंत कार्रवाई की।
Location : Kaushambi
Published : 30 September 2026, 12:27 PM IST
Topics : DM Kaushambi News Street Lights UP News Viral video