न रेट बोर्ड का पता और न स्टॉक रजिस्टर का हिसाब, कासगंज में कृषि विभाग की रेड से खाद विक्रेताओं में मचा हड़कंप

कासगंज में उर्वरक विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों पर प्रशासन की छापेमार कार्रवाई से हड़कंप मच गया। जांच के दौरान कई दुकानों पर जरूरी व्यवस्थाएं और अभिलेख निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं मिले। इसके बाद विभाग ने संबंधित दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में आगे क्या होगा, यह जवाब के बाद तय होगा।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 12 November 2026, 5:36 PM IST

Kasganj: उत्तर प्रदेश के कासगंज जनपद में उर्वरक की बिक्री में पारदर्शिता बनाए रखने और अनियमितताओं पर अंकुश लगाने के लिए उर्वरक विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों पर सघन निरीक्षण एवं छापामार कार्रवाई की गई। इस दौरान पांच खाद विक्रेताओं के यहां जांच में कई खामियां सामने आईं। निर्धारित स्टॉक एवं रेट बोर्ड प्रदर्शित नहीं मिलने के साथ ही स्टॉक और बिक्री रजिस्टर भी उपलब्ध नहीं मिले। अभिलेख अपूर्ण पाए जाने पर सभी पांच विक्रेताओं को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।

इन पांच खाद प्रतिष्ठानों की हुई जांच

निरीक्षण के दौरान मेसर्स दिनेश जी खाद भंडार, म्यासुर (सहावर), मेसर्स सतनाम ट्रेडर्स एवं खाद बीज भंडार, म्यासुर (सहावर), मेसर्स दिनेश चंद्र गुप्ता खाद भंडार, सहावर, मेसर्स साम्य खाद भंडार, बमनपुरा तथा मेसर्स राजवीर खाद भंडार, बमनपुरा का निरीक्षण किया गया।

कासगंज में खाद में खामियां मिलने पर पांच दुकानदारों को नोटिस जारी (Img: Dynamite News)

जांच के दौरान इन प्रतिष्ठानों पर निर्धारित प्रारूप के अनुसार स्टॉक एवं रेट बोर्ड प्रदर्शित नहीं पाए गए। इसके अलावा उर्वरक का स्टॉक और बिक्री रजिस्टर उपलब्ध नहीं होने तथा आवश्यक अभिलेख अपूर्ण मिलने पर अधिकारियों ने संबंधित विक्रेताओं के खिलाफ कार्रवाई की।

Kasganj Diwali Firecracker Blast: दीपावली पर पटाखे का धमाका बना काल, युवक के पेट में घुसा स्टील का गिलास, दर्दनाक मौत

संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर होगी कार्रवाई

विभाग की ओर से जारी कारण बताओ नोटिस में संबंधित विक्रेताओं को निर्धारित समयावधि में अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। यह अनियमितताएं उर्वरक (नियंत्रण) आदेश, 1985 और शासन की ओर से समय-समय पर जारी दिशा-निर्देशों का उल्लंघन मानी गई हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि निर्धारित अवधि में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने अथवा स्पष्टीकरण असंतोषजनक पाए जाने पर संबंधित विक्रेताओं के विरुद्ध नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्रवाई की जाएगी।

कासगंज में उर्वरक बिक्री में पारदर्शिता को लेकर प्रशासन सख्त (Img: Dynamite News)

Kasganj News: राशन कार्डधारकों के लिए अपडेट, दो पालियों में मिलेगा मुफ्त अनाज; जानें समय और नियम

अन्य खाद विक्रेताओं को भी चेतावनी

विभाग ने जनपद के अन्य सभी उर्वरक विक्रेताओं को भी चेतावनी दी है कि किसानों को निर्धारित दर पर ही उर्वरक की बिक्री करें। प्रत्येक विक्रय केंद्र पर स्टॉक एवं रेट बोर्ड अनिवार्य रूप से प्रदर्शित रखें तथा स्टॉक और बिक्री से संबंधित सभी अभिलेख नियमित रूप से पूर्ण रखें। निरीक्षण के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर संबंधित विक्रेता के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Kasganj

Published :  12 November 2026, 5:36 PM IST