Kasganj Road Accident: कासगंज-मथुरा रोड पर मैक्स पिकअप और कार की भीषण टक्कर, एक की मौत; तीन गंभीर घायल

कासगंज-मथुरा रोड पर रविवार सुबह मैक्स पिकअप और कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में कार चालक की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर घायल हुए। पुलिस ने घायलों को हायर सेंटर रेफर कराया और मामले की जांच शुरू की।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 29 November 2026, 10:49 AM IST

Kasganj: उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। निर्माणाधीन कासगंज-मथुरा मार्ग पर पुलिस लाइन के पीछे ग्राम कायमपुर बाहेड़िया के पास मैक्स पिकअप और कार की आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई।

टक्कर इतनी भीषण थी कि कार चला रहे 55 वर्षीय व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

सुबह सात बजे हुआ दर्दनाक हादसा

पुलिस के मुताबिक, रविवार सुबह करीब सात बजे पीआरवी-5757 को दुर्घटना की सूचना मिली थी। हादसा कोतवाली कासगंज क्षेत्र में निर्माणाधीन कासगंज-मथुरा रोड पर कायमपुर बाहेड़िया के पास हुआ। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। जांच में पता चला कि मैक्स पिकअप और कार की आमने-सामने टक्कर हुई थी। टक्कर के कारण कार में सवार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

बिना बताए घर से निकला था, कासगंज पहुंचने से पहले ही… हाथरस में ट्रैक पर मिला युवक का शव, मचा कोहराम

मैक्स पिकअप और कार की आमने-सामने भिड़ंत

पुलिस के अनुसार, मैक्स पिकअप संख्या यूपी 31 सीटी 7320 कल्याणपुर से कायमगंज की ओर जा रही थी। वहीं, कार संख्या यूपी 87 एल 3610 सोरों से अलीगढ़ की तरफ जा रही थी। इसी दौरान दोनों वाहन अनियंत्रित होकर आपस में भिड़ गए। टक्कर इतनी तेज थी कि कार चला रहे व्यक्ति की जान चली गई। हादसे के बाद स्थानीय लोगों की भीड़ भी घटनास्थल पर जुट गई।

घटनास्थल की तस्वीर (Img- Dynamite News)

कार चालक की मौके पर मौत, तीन गंभीर घायल

हादसे में सोरों के मोहल्ला चंदन चौक निवासी 55 वर्षीय राजू उर्फ राजीव पुत्र रूपकिशोर की मौके पर ही मौत हो गई। कार में सवार भारदुंगला निवासी विपिन उपाध्याय (35), रीना (33) पत्नी रानू और 13 वर्षीय अक्षत पुत्र रानू गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने तीनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया।

UP Assembly Election 2027: मिशन 2027 के लिए कासगंज में भाजपा का महामंथन, धर्मपाल सिंह ने पदाधिकारियों को दिए निर्देश

पिकअप चालक सुरक्षित

हादसे के समय मैक्स पिकअप में केवल चालक सवार था। पुलिस के मुताबिक, उसे दुर्घटना में कोई चोट नहीं आई। घटना की जानकारी मिलने पर क्षेत्राधिकारी सदर ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मृतक के शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। हादसे के बाद मृतक के परिवार में शोक का माहौल है।

Location :  Kasganj

Published :  29 November 2026, 10:49 AM IST