
महिला ने पति पर लगाए गंभीर आरोप (Img: Google)
Kanpur News: प्यार, निकाह और विश्वास के बीच ऐसा क्या हुआ कि एक डॉक्टर पत्नी को अपनी ही जिंदगी बचाने के लिए मायके भागना पड़ा? कानपुर की रूबिया खान ने पति ताजदार आलम पर जो आरोप लगाए हैं, उन्होंने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। मामला अब पुलिस जांच और राजनीतिक दबाव के आरोपों के बीच उलझता जा रहा है।
दरअसल, कानपुर की रहने वाली डॉक्टर रूबिया खान ने अपने पति ताजदार आलम और ससुराल पक्ष के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए चकेरी थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। पीड़िता का दावा है कि शादी के बाद उसकी जिंदगी धीरे-धीरे एक ऐसे दर्दनाक मोड़ पर पहुंच गई, जहां उसे अपने ही रिश्तों से डर लगने लगा।
रूबिया के मुताबिक उसकी शादी साल 2021 में बड़े धूमधाम से हुई थी। परिवार ने इस शादी में करीब 50 लाख रुपये खर्च किए थे। शुरुआत में सब कुछ सामान्य दिखाई दिया, लेकिन कुछ ही महीनों बाद रिश्तों में तनाव बढ़ने लगा। रूबिया का आरोप है कि उसका पति किसी दूसरी महिला के साथ संबंध में था और उसी से निकाह करना चाहता था।
पीड़िता ने आरोप लगाया कि शादी के बाद वह दो बार गर्भवती हुई, लेकिन दोनों बार उसके पति ने दवा देकर गर्भ में पल रहे बच्चों की जान ले ली। रूबिया का कहना है कि पहली बार बेटे की मौत के बाद उसकी हालत इतनी खराब हो गई थी कि उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।
दरिंदों को जेल पहुंचाकर दुल्हन बनी बहादुर बेटी! जिस रिश्ते पर उठे सवाल, उसी को दूल्हे ने बनाया मिसाल
उसने बताया कि जब वह तीसरी बार गर्भवती हुई तो उसे अपनी जान और बच्चे की सुरक्षा का डर सताने लगा। इसी वजह से वह बहाना बनाकर कानपुर स्थित अपने मायके आ गई। यहां उसने एक बेटी को जन्म दिया।
रूबिया का आरोप है कि बेटी के जन्म की जानकारी मिलने के बाद उसके पति ने फोन पर बताया कि वह दूसरी शादी कर चुका है। इतना ही नहीं, उसने साथ रहने के लिए दो शर्तें भी रखीं, पहली, रूबिया को सौतन के साथ रहना होगा और दूसरी, मायके से 10 लाख रुपये लाने होंगे।
पीड़िता ने कहा कि उसके पति और ससुराल वाले लगातार दहेज की मांग कर रहे थे। कई बार मानसिक और भावनात्मक दबाव बनाया गया। रूबिया के अनुसार, जब उसने इन मांगों का विरोध किया तो उसे प्रताड़ित किया गया। रूबिया के पिता शकील अहमद, जो सेना से रिटायर्ड मेजर हैं, उन्होंने भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि उन्होंने बेटी की शादी में अपनी सामर्थ्य से बढ़कर खर्च किया, लेकिन इसके बावजूद ससुराल पक्ष की मांगें खत्म नहीं हुईं। अब उनकी बेटी को दूसरी पत्नी के साथ रहने और 10 लाख रुपये लाने के लिए मजबूर किया जा रहा है।
पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि उसके ससुराल पक्ष के संबंध संभल के प्रभावशाली राजनीतिक परिवार से हैं। इसी कारण पुलिस कार्रवाई करने से बच रही है। घटना को करीब 20 दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक किसी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है। इससे नाराज पीड़ित परिवार ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से न्याय की मांग की है।
इसी बीच सोशल मीडिया पर एक ऑडियो भी वायरल हो रहा है। दावा किया जा रहा है कि इसमें आरोपी पति एक महिला पुलिस अधिकारी से बहस करता सुनाई दे रहा है। ऑडियो में वह शरीयत का हवाला देते हुए दूसरी शादी को सही ठहराने की कोशिश कर रहा है। हालांकि वायरल ऑडियो की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
मामले में एसीपी अभिषेक पांडे ने कहा है कि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल यह मामला कानपुर में चर्चा का विषय बना हुआ है। एक तरफ पीड़िता इंसाफ की गुहार लगा रही है, वहीं दूसरी तरफ पुलिस जांच और वायरल ऑडियो ने पूरे मामले को और ज्यादा संवेदनशील बना दिया है।
Location : Kanpur
Published : 12 May 2026, 1:55 PM IST
Topics : dowry case Kanpur News Rubia Khan Tajdar Alam UP News