Kanpur News: जमीन विवाद में मोबाइल टावर पर चढ़ी युवती, CM योगी से लगाई गुहार; 3 घंटे चला हाईवोल्टेज ड्रामा

महाराजपुर थाना क्षेत्र स्थित पुरवामीर में गुरुवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब 23 वर्षीय एक युवती मोबाइल टावर पर चढ़ गई। युवती ने आरोप लगाया कि उसकी पुश्तैनी जमीन पर गांव के दबंग ठाकुरों ने कब्जा कर लिया है और परिवार पर फर्जी मुकदमे दर्ज करा दिए हैं।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 21 May 2026, 1:24 PM IST
google-preferred

Kanpur: कानपुर के महाराजपुर थाना क्षेत्र स्थित पुरवामीर में गुरुवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब 23 वर्षीय एक युवती मोबाइल टावर पर चढ़ गई। युवती ने आरोप लगाया कि उसकी पुश्तैनी जमीन पर गांव के दबंग ठाकुरों ने कब्जा कर लिया है और परिवार पर फर्जी मुकदमे दर्ज करा दिए हैं। आर्थिक तंगी के चलते वह मुकदमों की पैरवी भी नहीं कर पा रही है। टावर पर युवती के चढ़ते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।

तीन घंटे तक टावर पर बैठी रही

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। एसीपी चकेरी अभिषेक कुमार पांडेय समेत कई अधिकारी युवती को नीचे उतारने की कोशिश करते रहे, लेकिन वह लगातार न्याय की मांग पर अड़ी रही। करीब तीन घंटे तक चले हाईवोल्टेज ड्रामे के बाद युवती किसी तरह नीचे उतरी। पुलिस ने उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया।

सोशल मीडिया पर लाइव होकर मांगा इंसाफ

फतेहपुर जिले के मिराई गांव की रहने वाली रानी सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय बताई जा रही है। उसके लाखों फॉलोअर्स हैं। टावर पर चढ़ने के दौरान भी उसने वीडियो शूट किया और सोशल मीडिया पर लाइव आकर अपनी बात रखी। वीडियो में युवती बेहद भावुक नजर आई और सीधे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मदद की अपील करती दिखी।

“शायद आखिरी बार देख रहे हैं मेरा चेहरा”

वायरल वीडियो में युवती रोते हुए कह रही है, “आप लोग शायद मेरा चेहरा आखिरी बार देख रहे हैं। गांव के दबंगों ने हमारी जमीन कब्जा ली है और हम पर फर्जी मुकदमे लगा दिए हैं। हमारा वीडियो योगी बाबा तक पहुंचाओ, मेरी मदद कीजिए।” युवती की भावुक अपील के बाद सोशल मीडिया पर भी मामला तेजी से वायरल हो गया।

पुलिस कर रही मामले की जांच

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि युवती के आरोपों की जांच की जा रही है। जमीन विवाद और लगाए गए आरोपों के संबंध में संबंधित पक्षों से पूछताछ की जाएगी। फिलहाल युवती को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।

Location :  Kanpur

Published :  21 May 2026, 1:24 PM IST

Advertisement