
प्रतीकात्मक छवि (सोर्स- Pinterest)
Kanpur: रईसजादों की रंगीनमिजाजी और ऐशो-आराम की भूख जब किशोरों को जुर्म के रास्ते पर ले जाए, तो तस्वीर कितनी भयावह हो सकती है- इसकी वानगी कानपुर के चकेरी इलाके में देखने को मिली है। एक प्रतिष्ठित स्कूल के 16 वर्षीय किशोर (डॉक्टर दंपती के बेटे) को तीन सहपाठियों ने ब्लैकमेल कर 6.25 लाख रुपये चूस लिए। मानसिक दबाव इतना बढ़ा कि मां को उन्नाव स्थित अपनी सरकारी नौकरी तक छोड़नी पड़ी। मामला पुलिस कमिश्नर तक पहुंचने के बाद अब नाबालिग आरोपियों की कुंडली खंगाली जा रही है।
कहानी तीन साल पहले तब शुरू हुई जब पीड़ित छात्र कक्षा 9 में पढ़ता था। साथ पढ़ने वाले तीन नाबालिग साथियों ने उसे आईफोन-15 दिलाने का लालच दिया।
फोन की कीमत (1.12 लाख) और कमीशन (40 हजार) जोड़कर 1.52 लाख रुपये ऐंठ लिए गए।
इसके बाद 40–45 हजार रुपये का पुराना फोन थमा दिया गया और शेष रकम डकार ली गई।
कुछ वक्त बाद फोन में खराबी बताकर उसी फोन को खुद ही 30 हजार रुपये में वापस ले लिया गया।
लालच का यह सिलसिला यहीं नहीं थमा। नया फोन दिलाने के नाम पर 1 लाख रुपये और मांगे गए। जब छात्र घर से चोरी कर रकम लेकर स्कूल पहुंचा, तो प्रिंसिपल तक मामला पहुंच गया, हालांकि तब माता-पिता ने बेटे को डांटकर मामला रफा-दफा कर दिया था।
नाबालिग आरोपियों के हौसले इस कदर बुलंद थे कि स्कूल बदलने के बावजूद उन्होंने किशोर का पीछा नहीं छोड़ा।
कक्षा 10: 1.25 लाख रुपये लेकर 60 हजार का पुराना फोन थमाया गया।
कोचिंग-जिम में दाखिला: पीड़ित छात्र जहां कोचिंग या जिम जाता, आरोपी भी वहीं पहुंच जाते।
हालिया वसूली: 21 अगस्त को 1 लाख, 27 अगस्त को 10 हजार और 12 से 17 सितंबर के बीच 50 हजार रुपये ऐंठे गए।
दहशत का आलम यह था कि पीड़ित छात्र के परिवार की नींव हिल गई। छात्र की डॉक्टर मां ने बेटे की सुरक्षा और मानसिक तनाव के चलते उन्नाव की सरकारी नौकरी से इस्तीफा दे दिया।
चौंकाने वाला सुराग: मां के मुताबिक, ऐंठी गई रकम से आरोपियों ने मॉल में महंगी शॉपिंग की और एक बड़े होटल के कमरे में बिस्तर पर नोट बिछाकर रील/वीडियो बनाए, जिनके डिजिटल प्रमाण परिवार के पास मौजूद हैं।
मामला जब पुलिस कमिश्नर के दरबार पहुंचा, तो चकेरी इंस्पेक्टर अजय प्रकाश हरकत में आए।
तीनों आरोपी नाबालिग छात्रों को थाने बुलाकर काउंसलिंग दी जा रही है।
उनके परिजनों को वसूली की रकम लौटाने के निर्देश दिए गए हैं। बुधवार को पुनः थाने तलब किया गया है।
Location : Kanpur
Published : 23 September 2026, 11:18 AM IST