
कानपुर के बोहो रेस्टोरेंट पर पुलिस का छापा (सोर्स- एक्स)
Kanpur: उत्तर प्रदेश के कानपुर शहर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्वरूपनगर स्थित चर्चित बोहो रेस्टोरेंट में छापेमारी की है। बिना बार लाइसेंस के अवैध रूप से संचालित इस रेस्टोरेंट में हुक्का बार और शराब परोसे जाने का भंडाफोड़ हुआ है। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में विदेशी शराब, बीयर की बोतलें और हुक्के बरामद करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई के बाद शहर के अन्य रेस्टोरेंट संचालकों में भी हड़कंप मच गया है।
ग्राहकों को अपने जाल में फंसाने के लिए बोहो रेस्टोरेंट द्वारा व्हाट्सएप के जरिए अनोखे और लुभावने प्रचार किए जा रहे थे। पुलिस जांच में सामने आया कि 'मिडनाइट शीशा डील' के नाम से ग्राहकों को देर रात पार्टी के लिए आमंत्रित किया जाता था। इस ऑफर के तहत रात 12 बजे से सुबह 4 बजे तक महज एक रुपये में एंट्री दी जाती थी, लेकिन इसके लिए शर्त यह थी कि ग्राहक को न्यूनतम 1999 रुपये का बिल बनवाना अनिवार्य होगा। डीसीपी सेंट्रल अतुल कुमार श्रीवास्तव के मुताबिक, मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस ने इस पूरे खेल का खुलासा किया है और व्हाट्सएप संदेशों को भी जांच के दायरे में लिया गया है।
मिर्जापुर में आकाशीय बिजली का कहर, 12 भैंसों की मौत, पशुपालक परिवारों पर टूटा आर्थिक संकट
शुक्रवार देर रात एडीसीपी सेंट्रल डॉ. अर्चना सिंह और एसीपी स्वरूपनगर ज्योतिश्री के नेतृत्व में भारी पुलिस बल ने बोहो रेस्टोरेंट पर अचानक धावा बोला। पुलिस की इस दबिश से वहां मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई। तलाशी के दौरान रेस्टोरेंट से 8 हुक्के, 7 पाइप, 7 चिलम, कोयले के पैकेट और तंबाकू बरामद हुए। इसके साथ ही, 330 एमएल की 57 बीयर की बोतलों के अलावा ब्लैक लेबल, डबल ब्लैक, शिवास, एब्सोल्यूट वोदका, इंद्री और मैक्डॉवेल्स सहित कई महंगे ब्रांड्स की शराब की बोतलें भी जब्त की गईं। पुलिस ने इस मामले में प्रकाश चरन, मो. अमान और दीपक ठाकुर को मौके से गिरफ्तार कर आबकारी और तंबाकू उत्पाद अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि रेस्टोरेंट का संचालन दो कारोबारियों की पत्नियां कर रही हैं, जबकि परदे के पीछे इसका संरक्षण एक मोबाइल कारोबारी के पास था। उसकी राजनीतिक पहुंच और रसूख के कारण अब तक इस पर कोई कार्रवाई नहीं हो रही थी। हालांकि, पुलिस अफसरों के पास तमाम दबाव आने के बावजूद इस बार यह कार्रवाई पूरी सख्ती से की गई। स्वरूपनगर इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह ने बताया कि पुलिस अब इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि इतनी भारी मात्रा में शराब और बीयर का स्टॉक कहां से और किसकी शह पर सप्लाई किया जा रहा था।
सूत्रों के मुताबिक, बोहो रेस्टोरेंट में देर रात तक चलने वाली पार्टियों में युवक-युवतियां शामिल होते रहे हैं, जहां कई बार हंगामे की स्थिति भी बनी। शहर के नवाबगंज, कोहना, तिलक नगर, ग्वालटोली, सिविल लाइंस और गोविंदनगर सहित करीब 100 से अधिक रेस्टोरेंटों में चोरी-छिपे हुक्का बार और शराब परोसे जाने की शिकायतें पहले भी मिलती रही हैं। बहरहाल, बोहो रेस्टोरेंट में हुई इस कड़ी कार्रवाई ने पुलिस प्रशासन की कार्यशैली और शहर में चल रहे ऐसे अवैध अड्डों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Location : Kanpur
Published : 20 September 2026, 11:26 AM IST