
झांसी में दर्दनाक घटना (इमेज सोर्स-डाइनामाइट न्यूज़)
Jhansi: जिले से गुरुवार को एक बेहद दुखद और झकझोर देने वाली खबर सामने आई है। परिवार में त्रयोदशी का कार्यक्रम चल रहा था, घर के सभी सदस्य कार्यक्रम की तैयारियों और व्यवस्थाओं में व्यस्त थे। इसी बीच घर में एक ऐसी घटना घट गई, जिसने हंसते-खेलते परिवार को मातम में डुबो दिया।
मामला समथर थाना क्षेत्र के ग्राम मगरौरा का है, जहां 33 वर्षीय लालजी पाल की घर में फांसी लगाने से मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। जिस घर में कुछ देर पहले तक पारिवारिक कार्यक्रम की तैयारियां चल रही थीं, वहां देखते ही देखते मातम पसर गया।
मामले की जांच मे जुटी पुलिस (इमेज सोर्स-डाइनामाइट न्यूज़)
जानकारी के मुताबिक, मृतक के चचेरे भाई रामपाल ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि परिवार में त्रयोदशी का कार्यक्रम आयोजित था। इसी को लेकर घर के सभी सदस्य व्यस्त थे। घर पर किसी के मौजूद नहीं होने के दौरान लालजी पाल ने फांसी लगा ली। घटना का पता चलते ही परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
इस घटना का सबसे दर्दनाक पहलू यह है कि मृतक की पत्नी की करीब दस वर्ष पहले ही मृत्यु हो चुकी थी। लालजी पाल अपने पीछे एक बेटा और एक बेटी छोड़ गया है। मां का साया पहले ही उठ चुका था और अब पिता की मौत ने दोनों बच्चों को बेसहारा कर दिया है। आखिर इन मासूमों की परवरिश और भविष्य की जिम्मेदारी कौन संभालेगा, यह सवाल परिवार के सामने खड़ा है।
मृतक की फाइल फोटो (इमेज सोर्स-डाइनामाइट न्यूज़)
घटना की सूचना मिलते ही समथर थानाध्यक्ष अतुल कुमार राजपूत ने पुलिस टीम को मौके पर भेजा। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
थानाध्यक्ष अतुल कुमार राजपूत के मुताबिक, सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी और फोरेंसिक टीम से घटनास्थल का निरीक्षण कराया गया है। फिलहाल पुलिस मामले में आवश्यक कार्रवाई और जांच में जुटी है।
समथर से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने दो मासूम बच्चों के सिर से माता-पिता दोनों का साया छीन लिया।
Location : Jhansi
Published : 27 November 2026, 1:41 AM IST