झांसी की बड़ी चोरी के तार महाराष्ट्र और गोवा से जुड़े, पुलिस के रडार पर पूरा नेटवर्क

झांसी में सर्राफा व्यापारी के यहां करोड़ों के सोने और नकदी की चोरी के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। चोरी के जेवर गलाकर सोने की सिल्ली बनाने और उसे 1.13 करोड़ रुपये में बेचने की बात सामने आई है। अब पुलिस ने गोवा से एक और आरोपी को गिरफ्तार किया है।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 27 November 2026, 2:07 AM IST

Jhansi: जिले के मऊरानीपुर बस स्टैंड पर अमृतसर के सर्राफा व्यापारी के लाखों के सोने और 15 लाख रुपये की सनसनीखेज चोरी के मामले में झाँसी पुलिस ने एक और बड़ी कामयाबी हासिल की है। थाना मऊरानीपुर पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम ने महाराष्ट्र से गोवा तक पीछा करते हुए मुख्य नेटवर्क से जुड़े आरोपी गणेश चन्द्रकान्त माल्वे को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 1.70 लाख रुपये नकद और ड्राइविंग लाइसेंस बरामद हुआ है।

गौरतलब है कि 28 अक्टूबर को मऊरानीपुर बस स्टैंड पर बस रुकते ही भीड़ का फायदा उठाकर चोर व्यापारी के दो बैग लेकर फरार हो गए थे। बैगों में करीब 6.937 किलोग्राम जेवर और 15 लाख रुपये नकद रखे थे। मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।

गोवा से आरोपी गिरफ्तार, 1.70 लाख बरामद (इमेज सोर्स-डाइनामाइट न्यूज़)

महाराष्ट्र में पहले भी हुई थी गिरफ्तारी

पुलिस के मुताबिक, इससे पहले 6 नवंबर को महाराष्ट्र से एक आरोपी की गिरफ्तारी के साथ 1.40 लाख रुपये नकद बरामद किए गए थे, जबकि विभिन्न बैंक खातों में ट्रांसफर 17.06 लाख रुपये फ्रीज कराए गए थे।

झांसी में आग का तांडव, तीन दुकानों का लाखों का सामान जलकर राख, पेट्रोल पंप तक पहुंचने का था खतरा

गोवा के होटल से आरोपी गिरफ्तार

जांच में सामने आया कि चोरी के जेवर गलाकर करीब 900 ग्राम सोने की सिल्ली बनाई गई और उसे पुणे में ब्रह्म ट्रेडर्स के उत्कर्ष मारवाड़ी को कथित तौर पर 1.13 करोड़ रुपये में बेच दिया गया। इस पूरी प्रक्रिया में आरोपी गणेश माल्वे की भूमिका सामने आई। पुलिस टीम ने 21 नवंबर को गोवा के कैलंगुट स्थित होटल में दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया।

झांसी में सर्राफा व्यापारी से चोरी का मामला, (इमेज सोर्स-डाइनामाइट न्यूज़)

गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देशन में हुई इस कार्रवाई को चोरी के बड़े नेटवर्क तक पहुंचने की दिशा में अहम सफलता माना जा रहा है। गिरफ्तार आरोपी को ट्रांजिट रिमांड के बाद झाँसी लाकर न्यायालय में पेश किया गया है। पुलिस अब चोरी के सोने की बरामदगी और गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।

विदेश में नौकरी का झांसा दे लिए जा रहे थे पासपोर्ट? देवरिया में आरोपी गिरफ्तार, 73 पासपोर्ट बरामद

पुलिस की कार्रवाई से साफ है कि मऊरानीपुर की इस बड़ी चोरी का मामला केवल बैग चोरी तक सीमित नहीं, बल्कि सोने को गलाने और करोड़ों में खपाने वाले संगठित नेटवर्क से जुड़ा है।

Location :  Jhansi

Published :  27 November 2026, 2:04 AM IST