हिंदी
झांसी में दर्दनाक हादसा
Jhansi: जनपद में शनिवार को एक दुखद घटना सामने आयी है। नेशनल हाईवे-27 पर सड़क का एक गड्ढा एक परिवार के लिए कथित तौर पर जानलेवा साबित हुआ। पूंछ थाना क्षेत्र में बाइक गड्ढे में जाने के बाद पीछे बैठी महिला उछलकर सड़क पर जा गिरी। गंभीर हालत में महिला को मोठ ट्रामा सेंटर पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मध्य प्रदेश के भांडेर निवासी इस्माइल अपनी पत्नी जुबेदा को बाइक पर लेकर किसी कार्यक्रम में शामिल होने एट जा रहे थे। बताया जा रहा है कि इस्माइल की मां का चालीसवां था और पति-पत्नी उसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए निकले थे।

लेकिन उन्हें क्या पता था कि रास्ते में एक हादसा उनकी जिंदगी हमेशा के लिए बदल देगा। जैसे ही बाइक झांसी के पूंछ थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-27 पर खनिज बैरियर के पास पहुंची, बताया गया कि सड़क में मौजूद गड्ढे में बाइक चली गई। झटका इतना तेज था कि पीछे बैठी जुबेदा बाइक से उछलकर सड़क पर जा गिरीं और बेहोश हो गईं। आनन-फानन में उन्हें मोठ ट्रामा सेंटर लाया गया। यहां चिकित्सकों ने जांच के बाद जुबेदा को मृत घोषित कर दिया।
एक तरफ परिवार पहले ही मां के चालीसवें के गम में था, अब इसी परिवार पर एक और मौत का पहाड़ टूट पड़ा। इस हादसे के बाद सवाल सड़क की स्थिति पर भी उठता है—आखिर हाईवे पर गड्ढे कब तक राहगीरों के लिए खतरा बने रहेंगे? यदि सड़क पर गड्ढा था तो समय रहते उसकी मरम्मत क्यों नहीं हुई? जिम्मेदार व्यवस्था हादसे के बाद जागेगी या किसी और अनहोनी का इंतजार करेगी?
हालांकि हादसे की वास्तविक वजह और परिस्थितियां पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट होंगी। सूचना मिलने के बाद ट्रामा सेंटर पहुंची पुलिस मामले की पड़ताल और आवश्यक कार्रवाई में जुट गई है। हादसे ने एक बार फिर हाईवे पर सड़क की स्थिति और सुरक्षित यातायात व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
Location : Jhansi
Published : 22 August 2026, 6:33 AM IST