
दरअसल, विगत दिनों झांसी के कलेक्ट्रेट परिसर में पुलिस और अधिवक्ताओं के बीच विवाद हो गया था। इस दौरान एक दरोगा के साथ मारपीट का मामला सामने आया था। घटना के बाद पुलिस ने संबंधित अधिवक्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। इस कार्रवाई को लेकर वकीलों में पहले से ही नाराजगी बनी हुई थी।
इस पूरे विवाद के बीच बार एसोसिएशन के अध्यक्ष और महामंत्री की भूमिका को लेकर भी सवाल उठने लगे। प्रदर्शन कर रहे अधिवक्ताओं का आरोप है कि दोनों पदाधिकारियों ने पुलिस के सामने घुटने टेक दिए और माफी मांग ली। इसी बात को लेकर वकीलों का गुस्सा और बढ़ गया। उनका कहना है कि बार एसोसिएशन के नेतृत्व को अधिवक्ताओं के सम्मान और हितों के लिए मजबूती से खड़ा होना चाहिए था।
अध्यक्ष और महामंत्री के खिलाफ नाराज अधिवक्ताओं ने कचहरी परिसर में प्रदर्शन किया। इस दौरान दोनों पदाधिकारियों का पुतला दहन कर विरोध जताया गया। अधिवक्ताओं का कहना है कि नेतृत्व से जिस तरह की मजबूती और समर्थन की उम्मीद थी, वह इस मामले में दिखाई नहीं दिया। फिलहाल इस घटनाक्रम ने झांसी कचहरी में बार एसोसिएशन के भीतर आपसी मतभेद को सार्वजनिक कर दिया है।
Location : Jhansi
Published : 3 November 2026, 7:07 PM IST