
JE पर हमला
Lucknow : जिले के जानकीपुरम में बुधवार शाम बिजली चोरी की जांच उस वक्त खूनी संघर्ष में बदल गई, जब छापा मारने पहुंचे बिजली विभाग के JE पर प्रॉपर्टी डीलर और उसके साथियों ने जानलेवा हमला बोल दिया। आरोप है कि दबंगों ने पहले टीम पर पालतू कुत्ता छोड़ दिया, फिर JE के सिर पर साबड़ से वार कर लहूलुहान कर दिया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और पुलिस-प्रशासन में भी अफरा-तफरी देखने को मिली।
अवर अभियंता अशोक कुमार के मुताबिक, उन्हें नहर रोड स्थित वंशिका प्रॉपर्टी दफ्तर में बिजली चोरी की शिकायत मिली थी। शिकायत के आधार पर वह JE राधेश्याम यादव, लाइनमैन आयुष गौर, शिवम यादव और मनीष कुमार के साथ जांच के लिए पहुंचे थे। टीम जैसे ही दफ्तर में दाखिल हुई। वहां मौजूद प्रॉपर्टी डीलर अजय दीक्षित और उसके साथियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी।
पीड़ित JE का आरोप है कि आरोपियों ने टीम पर अपना पालतू कुत्ता छोड़ दिया। कुत्ते ने JE समेत अन्य कर्मचारियों को कई जगह काट लिया। इसके बाद दबंगों ने हमला और तेज कर दिया। आरोप है कि अजय दीक्षित और उसके साथियों ने जान से मारने की नीयत से अशोक कुमार के सिर पर साबड़ से वार कर दिया। सिर फटने से खून बहने लगा, लेकिन आरोपी लगातार मारपीट करते रहे।
जब बिजली विभाग की टीम ने घटना का वीडियो बनाने की कोशिश की तो आरोपियों ने मोबाइल भी छीन लिया। पुलिस के मुताबिक, नवंबर 2025 में 70 हजार रुपये का बकाया होने पर यहां का बिजली कनेक्शन काटा गया था। इसके बाद से यहां कथित तौर पर बिजली चोरी की जा रही थी।
जानकीपुरम जोन के मुख्य अभियंता वीपी सिंह ने कहा कि अजय दीक्षित पुरानी रंजिश के चलते हमला करने पर उतारू था। आरोप है कि स्थानीय पुलिस शुरुआत में सिर्फ शांतिभंग की कार्रवाई करना चाहती थी, लेकिन बिजली विभाग के MD के हस्तक्षेप और पुलिस आयुक्त से शिकायत के बाद गंभीर धाराओं में FIR दर्ज की गई। पुलिस ने मुख्य आरोपी अजय दीक्षित समेत कुछ नाबालिगों को हिरासत में लिया है।
Location : Lucknow
Published : 28 May 2026, 2:09 PM IST