महाराजगंज : मनरेगा कार्यों की जांच पड़ी भारी, रोजगार सेवक और मजदूरों ने युवकों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, वीडियो वायरल

महराजगंज के सोनौली थाना क्षेत्र स्थित परसा सोमाली गांव में मनरेगा कार्यों की जांच करने पहुंचे दो तथाकथित युवकों को रोजगार सेवक और मजदूरों के गुस्से का सामना करना पड़ा। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों युवकों को दौड़ा-दौड़ाकर चप्पलों से पीटा गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 15 June 2026, 11:55 PM IST

Maharajganj : सोनौली थाना क्षेत्र के परसा सोमाली गांव में मनरेगा कार्यों की जांच करने पहुंचे दो युवकों को ग्रामीणों के आक्रोश का सामना करना पड़ा। निचलौल और ठूठीबारी क्षेत्र के बताए जा रहे इन युवकों के साथ रोजगार सेवक और मजदूरों द्वारा मारपीट किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कुछ लोग दोनों युवकों को गाली-गलौज करते हुए चप्पलों से दौड़ाकर पीटते दिखाई दे रहे हैं।

देखते ही देखते विवाद बढ़

जानकारी के अनुसार, गांव में चल रहे मनरेगा कार्यों की जांच के लिए पहुंचे दोनों युवकों ने कुछ लोगों से कार्यों के संबंध में जानकारी लेनी शुरू की। इसी दौरान रोजगार सेवक और मौके पर मौजूद मजदूरों के साथ उनकी तीखी नोकझोंक हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और मामला हाथापाई तक पहुंच गया।
अफरा-तफरी का माहौल

वायरल वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि बड़ी संख्या में लोग दोनों युवकों के पीछे दौड़ रहे हैं। कुछ लोग उन्हें चप्पलों से मारते हुए नजर आ रहे हैं, जबकि मौके पर मौजूद अन्य लोग बीच-बचाव करने की कोशिश करते दिखाई दे रहे हैं। घटना के दौरान काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

ग्रामीणों में नाराजगी

ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में पहुंचे युवक स्वयं को जांचकर्ता बताकर लोगों से सवाल-जवाब कर रहे थे। वहीं कुछ लोगों का कहना है कि उनके पास किसी प्रकार का अधिकृत आदेश या पहचान पत्र नहीं था, जिसके कारण ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ गई। हालांकि इस बात की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।

महाराजगंज में होटल कारोबारी की लाखों की SUV चोरी, सुबह उठे तो उड़ गए होश

युवक कौन थे?

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। लोग यह सवाल उठा रहे हैं कि आखिर गांव में जांच करने पहुंचे युवक कौन थे और किस अधिकार के तहत वे मनरेगा कार्यों की जांच कर रहे थे। दूसरी ओर मारपीट की घटना को लेकर भी कई तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

Location :  Maharajganj

Published :  15 June 2026, 11:55 PM IST