
फरेंदा में सुरक्षा को लेकर बड़ा कदम
Maharajganj: स्वतंत्रता दिवस को लेकर फरेंदा पुलिस अलर्ट मोड में है। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देश पर सीओ फरेंदा दीपशिखा वर्मा के नेतृत्व में बुधवार को थाना फरेंदा पुलिस ने रेलवे स्टेशन,बाजार, होटल,ढाबा,धर्मशाला,रेस्टोरेंट और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान संदिग्ध व्यक्तियों,वाहनों और वस्तुओं की जांच कर सुरक्षा व्यवस्था परखी गई।
सीओ ने पुलिस टीम के साथ रेलवे स्टेशन पहुंचकर परिसर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों और उनके सामान की जांच की गई। संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर पुलिसकर्मियों ने पूछताछ की। इसके अलावा धार्मिक स्थलों के आसपास भी भ्रमण कर सुरक्षा इंतजामों को परखा गया।
होटलों में चैंकिंग करती पुलिस
पुलिस ने होटल, ढाबा और धर्मशाला में भी चेकिंग की। यहां ठहरे लोगों की जानकारी जुटाई गई और संचालकों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए। पुलिस ने कहा कि किसी संदिग्ध व्यक्ति,वस्तु या गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।
अभियान के दौरान प्रमुख मार्गों और बाजार क्षेत्रों में संदिग्ध वाहनों को रोककर जांच की गई। पुलिस टीम ने वाहनों के कागजात और अन्य जरूरी चीजों की जांच की। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिसकर्मियों ने पैदल गश्त कर लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया।
सीओ दीपशिखा वर्मा ने पुलिसकर्मियों को निर्देश दिया कि स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जाए। संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाए। संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु मिलने पर तत्काल कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पर्व को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराना पुलिस की प्राथमिकता है।
थानाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह के नेतृत्व में भी थाना क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर पुलिस टीमों ने चेकिंग की। चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित गश्त और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए। अभियान के दौरान सीओ फरेंदा दीपशिखा वर्मा,थानाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह,चौकी प्रभारी समेत अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।
पुलिस की इस कार्रवाई से सार्वजनिक स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी नजर आई। स्वतंत्रता दिवस तक क्षेत्र में चेकिंग और गश्त का सिलसिला जारी रहेगा।
Location : Maharajganj
Published : 14 August 2026, 4:26 AM IST
Topics : farenda checking campaign Farenda News Independence Day Security Maharajganj News (महाराजगंज न्यूज़) railway station security