जमीन विवाद में बढ़ा तनाव, पूर्व भाजपा सांसद की बहू ने बोली- रंगदारी मांगी

उन्नाव में पूर्व भाजपा सांसद देवीबक्श सिंह की बहू ने छह लोगों पर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और धमकी देने का आरोप लगाया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 25 May 2026, 5:35 AM IST

Unnao : जिले में जमीन विवाद से जुड़ा एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां पूर्व भाजपा सांसद देवीबक्श सिंह की बहू ने छह लोगों पर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को प्रार्थनापत्र देकर कार्रवाई की मांग की, जिसके बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल बना हुआ है।

सफीपुर की जमीन को लेकर शुरू हुआ विवाद

जानकारी के मुताबिक गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के शुक्लागंज निवासी अनिला सिंह, जो पूर्व भाजपा सांसद देवीबक्श सिंह की बहू हैं, ने पुलिस को बताया कि सफीपुर क्षेत्र में उनकी करीब चार बीघा जमीन है। यह जमीन उन्नाव-हरदोई मार्ग के किनारे स्थित है और उसकी बिक्री के लिए उन्होंने सफीपुर के कुछ परिचित लोगों से मदद मांगी थी। शुरुआत में सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन बाद में मामला विवाद में बदल गया।

फर्जी शिकायतों से दबाव बनाने का आरोप

पीड़िता का आरोप है कि खुद को अधिवक्ता बताने वाला आदिलुर रहमान उर्फ रूमी जमीन को लेकर लगातार फर्जी शिकायतें कर दबाव बनाने लगा। उसके साथ इमरान, कमाल और अन्य लोग भी कथित रूप से उन्हें परेशान करने लगे। अनिला सिंह का कहना है कि विवाद से बचने और मामला शांत कराने के लिए उन्होंने दो लाख रुपये भी दिए थे, लेकिन इसके बावजूद आरोपियों की मांग बढ़ती चली गई।

उन्नाव रेप केस में कुलदीप सेंगर को बड़ा झटका! सुप्रीम कोर्ट ने रद्द किया राहत वाला आदेश, हाई कोर्ट को दिया 60 दिनों का समय

अब मांगे जा रहे 50 लाख रुपये

अनिला सिंह ने आरोप लगाया कि अब आरोपी उनसे 50 लाख रुपये की रंगदारी मांग रहे हैं। पैसे नहीं देने पर जान-माल की धमकी दी जा रही है। उन्होंने बताया कि सात मई को जमीन की देखरेख करने वाले सर्वेश को तहसील के पास रोककर आरोपियों ने गाली-गलौज की और धमकाया। इस दौरान जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल का भी आरोप लगाया गया है।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तीन नामजद और तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। कोतवाली प्रभारी और आईपीएस प्रशिक्षु संचित शर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस पूरे मामले के हर पहलू की जांच कर रही है।

Location :  Unnao

Published :  25 May 2026, 5:32 AM IST