हिंदी
थाने में धरने पर बैठीं इकरा हसन
Saharanpur : मंगलवार को राजनीति और पुलिस प्रशासन आमने-सामने आ गए। सांसद इकरा हसन अपने समर्थकों की गिरफ्तारी से इस कदर नाराज दिखीं कि उन्होंने थाने के अंदर ही पुलिस प्रशासन को खुली चुनौती दे डाली। गुस्से में इकरा हसन ने कहा, “अगर कुछ नहीं कर सकते तो हमें गोली मार दो या फांसी पर चढ़ा दो… मेरे लोग बाहर नहीं आएंगे तो मैं भी थाने से नहीं उठूंगी।” सांसद के इस तेवर के बाद सदर बाजार कोतवाली सियासी अखाड़े में बदल गई।
मामला उस वक्त गरमा गया जब सांसद इकरा हसन अपने समर्थकों की गिरफ्तारी के विरोध में डीआईजी अभिषेक सिंह से मिलने पहुंचीं। बताया जा रहा है कि उन्होंने एक पीड़ित महिला के मामले में कार्रवाई की मांग उठाई, लेकिन जवाब से संतुष्ट नहीं हुईं। इसके बाद माहौल और गर्म हो गया।
कुछ देर बाद जब पूर्व राज्यमंत्री मांगेराम कश्यप समेत चार लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया तो इकरा हसन सीधे सदर बाजार थाने पहुंच गईं। उनके साथ बड़ी संख्या में सपा और कांग्रेस कार्यकर्ता भी थाने पहुंच गए और धरने पर बैठ गए। इसी दौरान सांसद ने पुलिस अधिकारियों से तीखी बहस करते हुए कहा कि अगर उनके लोगों को रिहा नहीं किया गया तो वह थाने से नहीं उठेंगी।
सदर बाजार थाने के बाहर सपा, कांग्रेस और कश्यप समाज के लोगों की भारी भीड़ जुट गई। कार्यकर्ताओं ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। हालात बिगड़ते देख इलाके में भारी पुलिस बल और PAC तैनात करनी पड़ी। थाने के बाहर देर शाम तक तनावपूर्ण माहौल बना रहा।
Location : Saharanpur
Published : 19 May 2026, 9:01 PM IST