मऊ में सिर पर वार, कटा कान और खेत में लाश… बलवंत हत्याकांड में पुलिस ने खोला सनसनीखेज राज

मऊ के हलधरपुर थाना क्षेत्र में बलवंत सिंह हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार अवैध संबंध के शक में उसके ही गांव के दो लोगों ने शराब पिलाकर डंडे से पीटकर हत्या कर दी थी। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 8 August 2026, 6:16 AM IST

Mau : जिले में एक सनसनीखेज हत्या का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। हलधरपुर थाना क्षेत्र के गहनी गांव में हुई 28 साल बलवंत सिंह की हत्या के मामले में पुलिस ने उसके ही गांव के दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक हत्या की वजह अवैध संबंध को लेकर चल रहा विवाद था। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। जिसके बाद उन्हें कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

खेत की मेड़ पर मिला था खून से लथपथ शव

जानकारी के अनुसार गहनी गांव निवासी बलवंत सिंह तीन अगस्त की रात खाना खाने के बाद घर से करीब दो किलोमीटर दूर स्थित ट्यूबवेल पर सोने के लिए गए थे। अगले दिन चार अगस्त की सुबह करीब छह बजे उनका शव खेत की मेड़ पर पड़ा मिला था।

हरदोई के संडीला में सनसनी, आटामऊ गांव में मिले दो युवकों के शव, सिर में गोली मारकर हत्या की आशंका

बलवंत के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे और उनका कान भी कटा हुआ था। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। ग्रामीणों के बीच हत्या को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं चल रही थीं। मृतक के पिता प्रदीप सिंह की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।

एसओजी और सर्विलांस टीम ने खोला हत्या का राज

हत्या की गंभीरता को देखते हुए एसपी कमलेश बहादुर ने मामले के खुलासे के लिए एसओजी, थाना पुलिस और सर्विलांस टीम को लगाया था। पुलिस ने कई संदिग्धों से पूछताछ की और लगातार जांच आगे बढ़ाई। जांच के दौरान पुलिस को कुछ अहम सुराग मिले, जिसके आधार पर शुक्रवार सुबह गांव निवासी विवेक सिंह उर्फ सिट्टू और देवेंद्र यादव को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने विवेक सिंह को गांव स्थित एक ट्यूबवेल के पास से और देवेंद्र यादव को सेमराजपुर चट्टी के पास से पकड़ा।

अवैध संबंध के शक में रची हत्या की साजिश

पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि बलवंत सिंह के एक महिला से संबंध को लेकर विवाद चल रहा था। पुलिस के मुताबिक महिला विवेक सिंह की परिचित थी और देवेंद्र यादव की पत्नी थी। इसी बात को लेकर दोनों बलवंत से नाराज थे। आरोप है कि तीन अगस्त की रात दोनों ने योजना बनाकर पहले बलवंत को शराब पिलाई और फिर उसे ट्यूबवेल के पास ले गए।

इसके बाद डंडे से सिर पर हमला कर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद विवेक सिंह बलवंत का मोबाइल लेकर चला गया और उसे एक ट्यूबवेल के पास छिपा दिया था। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर मोबाइल बरामद कर लिया है।

कोर्ट ने दोनों आरोपियों को भेजा जेल

पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया, जहां सुनवाई के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। एएसपी मऊ अनूप कुमार ने बताया कि मुखबिर की सूचना और जांच के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि दोस्ती के रिश्ते में पैदा हुए विवाद के कारण इस हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया।

Location :  Mau

Published :  8 August 2026, 5:38 AM IST