मैनपुरी में दबंगों का आतंक: फायरिंग से दहला गांव, जानिए पूरा मामला

मैनपुरी जिले के रानीपुर में दहशत फैल गई। यहां पर गुरूवार को दबंगों के एक झुंड ने फायरिंग कर दी। पुलिस ने बरामद खोखों को फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है। आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित हुई हैं। यह मामला करहल थाना क्षेत्र का है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 12 December 2025, 1:38 PM IST

Mainpuri: रानीपुर गांव में बवाल के बाद दहशत फैल गई। दबंगों के एक झुंड ने पहले गाड़ी के पास खड़े होकर गाली-गलौज की। उनको रोकने पर फायरिंग कर दी। गोली पीड़ित के भाई पर चलाई गई। जिसमें युवक बाल-बाल बच गया। गोली पीड़ित की गाड़ी में जा लगी। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। इस मामले में पीड़ित ने पुलिस को शिकयत दी है। आरोप है कि शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई है।

क्या है पूरा मामला?

शिकायतकर्ता संतेंद्र कुमार ने बताया कि गुरूवार की रात घर के बाहर बैठे थे। उनकी गाड़ी नंबर HR47F 4106 बाहर खड़ी थी। तभी अचानक गांव के ही कुछ लोग वहां पहुंचे। गाड़ी के पास खड़े होकर गाली-गलौज करने लगे। उनके हाथों में अवैध हथियार थे। उनके तेवर देखकर साफ लग रहा था कि वे किसी झगड़े की फिराक में हैं। संतेंद्र के मुताबिक, दबंगों के इस झुंड में गोविंद पांडेय, दीपक पांडेय, शिवम दीक्षित, सरसन पांडेय और उनके साथ 5-6 लोग शामिल थे।

लाइसेंसी पिस्टल से फायरिंग

संतेंद्र कुमार ने बताया कि गाली-गलौज करने से घरों में महिलाएं और बच्चे डर गए। उनका भाई अनुज कुमार बाहर आया। उसने दबंगों को गाली-गलौज करने से मना किया। गोविंद पांडेय ने बिना कुछ सोचे लाइसेंसी पिस्टल निकाल ली और अनुज को सीधे निशाने पर लेकर फायर कर दिया। गनीमत रही कि अनुज थोड़ा हट गया। वरना बड़ा हादसा हो सकता था।

परिजन का आरोप

आरोप है कि गोली सीधे संतेंद्र की गाड़ी पर लगी। गाड़ी का शीशा टूट गया। टायर फट गया और बॉडी के कई हिस्सों पर निशान पड़ गए। फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग अपने घरों से बाहर निकल आए। भीड़ को आता देख दबंग मौके से भाग खड़े हुए। जाते-जाते धमकी दी कि अगर पुलिस में शिकायत की तो जान से मार देंगे। घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस टीम वहां पहुंची और वहां पर पड़े 4-5 खोखे उठाकर अपने साथ ले गई।

पुलिस कर रही जांच: अफसर

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह मामला करहल थाना क्षेत्र का है। बरामद खोखों को फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है। आरोपियों की तलाश के लिए टीम गठित कर दी गई। सभी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुरे मामले की जांच की जा रही है।

Location : 
  • Mainpuri

Published : 
  • 12 December 2025, 1:38 PM IST