हिंदी
यूपी के कन्नौज में शनिवार को दुखद और ह्रदयविदारक घटना सामने आयी है। शिक्षिका की डांट से आहत कक्षा 3 की छात्रा ने खौफनाक कदम उठाया। घटना के बाद गांव में आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों ने शिक्षिका पर कार्रवाई की मांग की है।
कन्नौज में मासूम छात्रा ने किया सुसाइड ( Photo Source : Dynamite News)
Kannauj: जनपद में शनिवार को दुखद घटना सामने आयी है। थाना क्षेत्र सौरिख स्थित कंपोजिट विद्यालय की कक्षा 3 में पढ़ने वाली छात्रा ने शिक्षिका की डांट से आहत होकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। घटना सौरिख विकासखंड के कंपोजिट विद्यालय बेहटा रामपुर की है।
जानकारी के अनुसार, निधि और नेहा नाम की दो सगी बहनें शनिवार को विद्यालय गई थी। आरोप है कि वहां मौजूद महिला अध्यापिका ने दोनों बच्चियों को उनके कपड़ों को लेकर डांट-फटकार लगाई और साफ-सफाई को लेकर नाराजगी जताते हुए कक्षा से बाहर जाने को कहा। इस बात से दोनों बहनें मानसिक रूप से आहत हो गईं और रोते हुए घर लौट आईं।
घर पहुंचने के बाद बच्चियों ने अपनी मां को पूरी घटना बताई। इसके कुछ ही देर बाद बड़ी बहन निधि ने घर के बरामदे में कुर्सी पर खड़े होकर लाल साड़ी से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।
घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश
घटना की सूचना मिलते ही गांव में भारी आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने विद्यालय पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया और दोषी शिक्षिका के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
घटना की सूचना पर थाना प्रभारी जयंती गंगवार, क्षेत्राधिकारी कुलवीर सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक अजय कुमार सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रशासन ने मृतक बच्ची के परिजनों को न्याय का भरोसा दिया। पुलिस ने कहा कि जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने बताया कि मृतक बच्ची के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चलेगा। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।