झांसी में हैवानियत की हद पार, चूहे को जिंदा जलाकर मार डाला, वीडियो वायरल

झांसी में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। यहां चार युवकों ने मिलकर एक बेजुबान चूहे के साथ ऐसी क्रूरता की, जिसे देखकर किसी का भी दिल दहल जाए।

Updated : 30 October 2026, 10:00 PM IST

Jhansi: झांसी में इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। यहां चार युवकों ने मिलकर एक बेजुबान चूहे के साथ ऐसी क्रूरता की, जिसे देखकर किसी का भी दिल दहल जाए। पहले चूहे को पकड़ा, फिर रस्सी से बांधा, डंडों से पीटा और लोहे के गेट पर लटका दिया। इसके बाद उसके ऊपर पेट्रोल डाला और माचिस की तीली से आग लगा दी। इतना ही नहीं, इन युवकों ने बेजुबान की इस दर्दनाक मौत का वीडियो भी बनाया और सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया। वीडियो वायरल हुआ तो लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। मामला पुलिस तक पहुंचा और अब पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि एक आरोपी फरार बताया जा रहा है।

क्या है पूरा  मामला

दरअसल, पूरा मामला झांसी के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित ओरछा गेट की कसाई मंडी का है। जानकारी के मुताबिक, 29 अक्टूबर को आरोपियों ने पिंजरा लगाकर एक चूहे को पकड़ा था। इसके बाद चूहे के साथ बर्बरता की सारी हदें पार कर दी गईं। पुलिस के मुताबिक, जीशान कुरैशी पुत्र शफीक कुरैशी और शफीक कुरैशी ने चूहे को रस्सी से बांधा और उसे डंडों से पीटा। इसके बाद चूहे को लोहे के गेट पर लटका दिया गया।

आरोप है कि इसके बाद जुनैद कुरैशी पुत्र शफीक कुरैशी ने बोतल से चूहे के ऊपर पेट्रोल डाला और माचिस की तीली से आग लगा दी। वहीं, इस पूरी घटना का वीडियो आशिफ कुरैशी पुत्र आबाद कुरैशी ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड किया। बताया जा रहा है कि आग की लपटों के बीच कुछ देर बाद रस्सी टूट गई, जिसके बाद चूहा जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगा, लेकिन बुरी तरह जलने के कारण उसकी मौत हो गई।

हैरानी की बात यह है कि आरोपियों ने इस पूरी क्रूरता का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर भी पोस्ट कर दिया। देखते ही देखते वीडियो वायरल हो गया और पुलिस तक पहुंच गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपियों की पहचान की। दरोगा रोहित कुमार की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया।

वर्षों से थानों में जमा सामान का होगा निस्तारण, मीरजापुर पुलिस ने तेज की कार्रवाई

कोतवाली प्रभारी अंजन कुमार के मुताबिक, वीडियो के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपी जुनैद कुरैशी, आशिफ कुरैशी और शफीक कुरैशी को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है, जबकि मामले में शामिल एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

वहीं, चूहे को जिंदा जलाने का वीडियो सामने आने के बाद पशु प्रेमियों और आम लोगों में भारी नाराजगी है। श्री महाकाल गौ सेवा संस्थान के पदाधिकारी और कार्यकर्ता कोतवाली थाने पहुंचे और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि बेजुबान जीवों के साथ इस तरह की क्रूरता करने वालों को सख्त सजा मिलनी चाहिए।

Pratapgarh: गंगा में छोड़े गए एक लाख मत्स्य बीज, जैव विविधता बढ़ने के साथ मछुआरों की आजीविका को मिलेगा सहारा

सवाल सिर्फ एक चूहे की मौत का नहीं है, सवाल उस मानसिकता का है, जो किसी बेजुबान को तड़पाकर मारने में भी पीछे नहीं हटती। जिस घटना को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, उसने समाज के सामने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर मनोरंजन और सोशल मीडिया पर वायरल होने की चाहत में इंसानियत किस हद तक गिर सकती है? फिलहाल तीन आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं और एक की तलाश जारी है। अब देखना होगा कि इस मामले में कानून के तहत आगे क्या कार्रवाई होती है।

Location :  Jhansi

Published :  30 October 2026, 10:00 PM IST