Site icon Hindi Dynamite News

गोरखपुर में प्रेमी कर रहा था प्रताड़ित; प्रेमिका ने उठाया खौफनाक कदम, हुआ ये एक्शन

खजनी में प्रेम के नाम पर बर्बरता की एक दिल दहला देने वाली घटना ने महुआडाबर गांव को झकझोर कर रख दिया है। यहां 20 वर्षीय ममता साहनी ने अपने प्रेमी द्वारा लगातार प्रताड़ित किए जाने से तंग आकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
Post Published By: Rohit Goyal
Published:
गोरखपुर में प्रेमी कर रहा था प्रताड़ित; प्रेमिका ने उठाया खौफनाक कदम, हुआ ये एक्शन

Gorakhpur: गोरखपुर के खजनी में प्रेम के नाम पर बर्बरता की एक दिल दहला देने वाली घटना ने महुआडाबर गांव को झकझोर कर रख दिया है। यहां 20 वर्षीय ममता साहनी ने अपने प्रेमी द्वारा लगातार प्रताड़ित किए जाने से तंग आकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में उसके शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं, जो यह स्पष्ट करते हैं कि युवती ने सिर्फ आत्महत्या नहीं की, बल्कि उसके साथ मारपीट भी की गई थी। पुलिस ने आरोपी प्रेमी बृजबिहारी शाहनी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह मामला महिलाओं पर हो रहे अत्याचार की काली सच्चाई को उजागर कर रहा है।

घटना का विस्तारपूर्वक विवरण

यह दर्दनाक मामला खजनी थाना क्षेत्र के महुआडाबर ग्राम सभा का है। ममता साहनी (20 वर्ष), पुत्री नंदलाल साहनी, पिछले कुछ महीनों से देवरिया जिले के गौरीबाजार थाना क्षेत्र के धुरियापार निवासी बृजबिहारी शाहनी (पुत्र रामकरन शाहनी) के संपर्क में थी। दोनों के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था, लेकिन 10 सितंबर 2025 को दोपहर लगभग 2 बजे अचानक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। सूचना के अनुसार, बृजबिहारी गुस्से में ममता के घर घुस आया और बेरहमी से उसकी पिटाई की। उसने ममता का मोबाइल तोड़ दिया और उसे धमकियां देते हुए घर से उठा ले गया।

ममता को लगातार मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना सहनी पड़ी। परिवार वालों ने बताया कि बृजबिहारी ने कई बार ममता को धमकाया और परेशान किया था, लेकिन इस बार अत्याचार की हद पार हो गई। अत्यंत तनाव और मानसिक टूटन से ग्रसित ममता ने 11 सितंबर की रात फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही गांव में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

पुलिस की त्वरित कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही खजनी थानाध्यक्ष अनूप सिंह और महुआडाबर चौकी इंचार्ज अभिषेक सिंह अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। शव को कब्जे में लेकर कबीर मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में ममता के शरीर पर चोट के स्पष्ट निशान मिलने से मामला गंभीर हो गया। ममता के पिता नंदलाल साहनी की तहरीर पर बृजबिहारी शाहनी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया।

पुलिस ने आरोपित की गिरफ्तारी के लिए देवरिया क्षेत्र में छापेमारी तेज कर दी। आज (13 सितंबर 2025) पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी सरयां लिंक एक्सप्रेसवे के पास खड़ा है। चौकी इंचार्ज अभिषेक सिंह मय फोर्स के साथ ने सघन घेराबंदी कर आज शनिवार को दिन में 1 बजे के करीब आरोपी बृजबिहारी शाहनी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। फिलहाल उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। थानाध्यक्ष अनूप सिंह ने बताया, “अभियुक्त पर आत्महत्या के लिए उकसाने और मारपीट के गंभीर आरोप हैं। हम पीड़िता के परिवार को न्याय दिलाने में पूरी शक्ति से जुटे हैं। आगे की जांच जारी है।”

समाज के लिए गंभीर चेतावनी

यह दिल दहला देने वाली घटना एक बार फिर समाज के लिए चेतावनी बनकर सामने आई है कि प्रेम संबंधों में उत्पीड़न और हिंसा कतई बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। विशेषज्ञों का मानना है कि युवाओं को ऐसी परिस्थितियों में परिवार, पुलिस या संबंधित हेल्पलाइन 1098 से सहायता अविलंब लेनी चाहिए। महुआडाबर गांव में ममता की मौत से शोक की लहर दौड़ गई है। ग्रामीण और सामाजिक संगठन आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग कर रहे हैं।

थानाध्यक्ष अनूप सिंह ने जनता से अपील की है कि ऐसी घटनाओं के समय तुरंत नजदीकी थाने या हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क करें ताकि समय रहते कार्रवाई हो सके। समाज में प्रेम के नाम पर हिंसा की यह काली सच्चाई एक बार फिर सोचने पर मजबूर करती है।

 

Exit mobile version