“पिता की डांट के बाद घर से निकली बेटी, कुछ घंटों बाद नदी में मिला शव; परिवार में मचा कोहराम”

गोरखपुर के खजनी थाना क्षेत्र में आमी नदी में छलांग लगाने वाली 18 वर्षीय युवती का शव करीब पांच घंटे के सर्च ऑपरेशन के बाद बरामद कर लिया गया। स्थानीय गोताखोरों और पुलिस के प्रयास विफल होने के बाद एसडीआरएफ टीम ने मौके पर पहुंचकर एक घंटे के भीतर शव को नदी से बाहर निकाला। घटना के बाद परिवार और पूरे गांव में शोक का माहौल है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 2 June 2026, 2:53 PM IST

Gorakhpur: गोरखपुर के खजनी क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जिसने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया। महज 18 साल की एक युवती सुबह घर से नाराज होकर निकली और कुछ ही घंटों बाद उसके आमी नदी में कूदने की खबर सामने आ गई। इसके बाद शुरू हुआ तलाश का लंबा अभियान, लेकिन जब नदी से युवती का शव बाहर निकाला गया तो मौके पर मौजूद परिजनों की चीख-पुकार से माहौल भावुक हो उठा। एक छोटी सी पारिवारिक नाराजगी ने देखते ही देखते पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं।

छताई पुल से नदी में कूदने की मिली थी सूचना

घटना खजनी थाना क्षेत्र के छताई पुल की है। जानकारी के मुताबिक बांसगांव थाना क्षेत्र के शैरो बन गांव निवासी 18 वर्षीय नीलू यादव, पुत्री राजेश यादव, मंगलवार सुबह घर से निकल गई थी। बताया जा रहा है कि किसी घरेलू बात को लेकर पिता ने उसे डांट दिया था, जिससे वह नाराज हो गई थी। काफी देर तक घर वापस न लौटने पर परिजन उसकी तलाश में जुट गए। इसी बीच सूचना मिली कि एक युवती ने छताई पुल से आमी नदी में छलांग लगा दी है।

गोरखपुर में 33 साल से सुलग रही है जमीन की आग, बिना बिजली-सिलेंडर नरक जैसा जीवन जीने को मजबूर पीड़ित का खौफनाक खुलासा!

वीडियो से हुई पहचान की आशंका

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना का वीडियो एक राहगीर ने अपने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया था। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस और परिजनों को आशंका हुई कि नदी में छलांग लगाने वाली युवती नीलू यादव ही है। सूचना मिलते ही खजनी थाना प्रभारी निरीक्षक जयंत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू कराया।

दूषित पानी और गहराई बनी बड़ी चुनौती

सुबह करीब 8 बजे से स्थानीय गोताखोरों और पुलिसकर्मियों ने युवती की तलाश शुरू कर दी थी। लेकिन आमी नदी का दूषित पानी, गहराई और दुर्गंध खोज अभियान में सबसे बड़ी बाधा बन गई। घंटों तक चले प्रयासों के बावजूद जब सफलता नहीं मिली तो प्रशासन ने आपदा प्रबंधन विभाग से मदद मांगी।

गोरखपुर में एक क्लिक और खाते से गायब हुए 1 लाख रुपये, फिर हुआ ऐसा कि साइबर ठगों के उड़ गए होश

SDRF टीम ने एक घंटे में ढूंढ निकाला शव

एसडीएम खजनी के निर्देश पर एसडीआरएफ टीम को मौके पर बुलाया गया। अत्याधुनिक उपकरणों के साथ पहुंची टीम ने नदी में सघन तलाशी अभियान शुरू किया। करीब एक घंटे की खोजबीन के बाद एसडीआरएफ ने युवती का शव नदी से बरामद कर लिया। शव मिलने के बाद मौके पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।

शव देखते ही परिवार में मचा कोहराम

जैसे ही शव मिलने की सूचना परिजनों को मिली, वहां मातम पसर गया। मां और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मौके पर मौजूद ग्रामीण भी इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध नजर आए।

Location :  Gorakhpur

Published :  2 June 2026, 2:53 PM IST