
युवक मृत मिला
Budaun : थाना उघेती क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई, जब पत्नी को बुलाने ससुराल गए एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है, जबकि परिजनों ने युवक की मौत के पीछे ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक थाना उघेती क्षेत्र के गांव कोठा निवासी 21 साल जितेंद्र पुत्र लीलाधर मंगलवार दोपहर करीब दो बजे घर से यह कहकर निकला था कि वह अपनी पत्नी श्यामवती को लेने ससुराल जा रहा है। उसकी ससुराल कोतवाली सहसवान क्षेत्र के गांव जल्लूपुर में बताई जा रही है।
परिजनों के अनुसार जितेंद्र देर रात तक घर वापस नहीं लौटा, जिसके बाद परिवार वालों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। इसी बीच बुधवार को सूचना मिली कि युवक का शव कोतवाली सहसवान क्षेत्र के सरसोता इलाके में संदिग्ध हालात में पड़ा मिला है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बदायूं में नशे में धुत कार सवारों का तांडव, कई राहगीरों को रौंदकर इलाके में मचाई दहशत
बताया जा रहा है कि मृतक की पत्नी पिछले करीब छह महीने से अपने मायके में रह रही थी और अपने डेढ़ वर्षीय बेटे को भी साथ ले गई थी। जितेंद्र की शादी करीब साढ़े तीन वर्ष पहले हुई थी। युवक की अचानक मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर में चीख-पुकार मची हुई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक के परिजनों ने आरोप लगाया है कि जितेंद्र की मौत के पीछे ससुराल पक्ष का हाथ हो सकता है। पीड़ित परिवार ने मामले में ससुराल वालों के खिलाफ पुलिस को तहरीर देने की बात कही है। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की असली वजह साफ हो सकेगी। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की जांच में जुटी हुई है।
Location : Budaun
Published : 27 May 2026, 3:38 PM IST