
4 लोगों की हत्या (Img ; Google)
Prayagraj : जिले में सामने आई इस दिल दहला देने वाली वारदात ने सबको झकझोर कर रख दिया है। एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या कर दी गई और कई घंटों तक यह सच एक बंद मकान के अंदर छुपा रहा। लेकिन आखिरकार एक छोटी सी बदबू ने इस खौफनाक राज से पर्दा उठा दिया।
साउथ मलाका इलाके के हीवेट रोड चौराहे पर स्थित दो मंजिला मकान में यह दर्दनाक घटना हुई। पड़ोसियों को मंगलवार दोपहर घर से तेज बदबू महसूस हुई। शुरुआत में किसी को अंदाजा नहीं था कि अंदर इतना बड़ा कांड छुपा है। जब कई बार आवाज लगाने पर भी कोई जवाब नहीं मिला तो लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। घर बाहर से पूरी तरह बंद था। पुलिस ने ताला तोड़कर जैसे ही अंदर प्रवेश किया, एक-एक कर चार लाशें सामने आईं। कमरे में वीरेंद्र कुमार वैश्य, उनकी पत्नी अनीता और बेटी मीनाक्षी के शव पड़े थे, जबकि बेटे अभिषेक का शव नीचे दुकान से बरामद हुआ। यह भी बाहर से बंद थी।
शुरुआत में यह शक गहरा गया था कि बेटा अभिषेक ही वारदात में शामिल हो सकता है, क्योंकि वह पहले से लापता बताया जा रहा था। लेकिन बाद में उसका शव मिलने से मामला और उलझ गया। अब यह साफ हो गया कि यह सिर्फ पारिवारिक विवाद या अंदरूनी साजिश का हिस्सा भी हो सकता है।
जांच के दौरान पुलिस को एक कमरे में बोर्ड पर लिखा एक संदेश मिला- “बंटी, बबली और बहू ने मारा।” इस रहस्यमय लाइन ने पूरे केस को नया मोड़ दे दिया है। पुलिस अब इन नामों की पहचान और इनके कनेक्शन की जांच कर रही है।
फॉरेंसिक टीम, डॉग स्क्वॉड और वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी गई है। पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस हर एंगल—संपत्ति विवाद, पारिवारिक रंजिश और आपराधिक साजिश—से मामले की जांच कर रही है।
अब आगे क्या?
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के असली कारणों का खुलासा होगा। फिलहाल यह मामला एक हाई-प्रोफाइल मर्डर मिस्ट्री बन चुका है। जिसने पूरे प्रयागराज को हिला दिया है।
Location : Prayagraj
Published : 2 June 2026, 11:46 PM IST