प्रयागराज में दर्दनाक सड़क हादसा: कुत्ते को बचाने में डिवाइडर से टकराई कार, कंप्यूटर शिक्षक की मौत, दो भाई घायल

प्रयागराज के हंडिया कोतवाली क्षेत्र में सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवा कंप्यूटर शिक्षक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि कार के सामने अचानक कुत्ता आ जाने से वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 25 May 2026, 7:21 PM IST
google-preferred

Prayagraj: प्रयागराज के हंडिया कोतवाली क्षेत्र में सोमवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवा कंप्यूटर शिक्षक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि कार के सामने अचानक कुत्ता आ जाने से वाहन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए और एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

रिश्तेदारों को छोड़कर लौट रहे थे युवक

जानकारी के मुताबिक, Handia क्षेत्र के दयालापुर गांव निवासी अवनीश प्रताप सिंह (22) पुत्र दलजीत सिंह रविवार को अपनी दादी के तेरहवीं कार्यक्रम में शामिल रिश्तेदारों को प्रयागराज शहर छोड़ने गए थे। उनके साथ बड़े भाई शनि सिंह और विक्रम सिंह भी कार में मौजूद थे।

पिलर नंबर 9 के पास हुआ हादसा

रविवार देर रात रिश्तेदारों को छोड़कर लौटते समय सोमवार सुबह करीब 3 बजे हंडिया कस्बे में पिलर नंबर 9 के पास अचानक कार के सामने कुत्ता आ गया। कुत्ते को बचाने के प्रयास में चालक का संतुलन बिगड़ गया और कार डिवाइडर से जा टकराई।

टक्कर इतनी तेज थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

मौके पर हुई मौत, दो घायल

हादसे में अवनीश प्रताप सिंह की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, कार में सवार शनि सिंह और विक्रम सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद दोनों खून से लथपथ हालत में मदद के लिए चीखते रहे।

सूचना मिलते ही ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंची। घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उपरदहा में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

कंप्यूटर शिक्षक था मृतक

बताया जा रहा है कि अवनीश प्रताप सिंह अविवाहित था और हंडिया में कंप्यूटर सेंटर चलाकर बच्चों को कंप्यूटर शिक्षा देता था। उसके पिता खेती कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। युवक की मौत के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।

Location :  Prayagraj

Published :  25 May 2026, 7:21 PM IST

Advertisement