
बहन की गोली मारकर हत्या
Meerut : लोहियानगर थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई। जाकिर कॉलोनी में 19 वर्षीय अक्सा की उसके बड़े भाई आरिश ने गोली मारकर हत्या कर दी। गोली युवती के सिर में लगी, जिससे वह घर के अंदर ही खून से लथपथ होकर गिर पड़ी। परिजन उसे गंभीर हालत में अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कुछ ही देर में आरोपी भाई को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल 315 बोर का तमंचा भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी भाई को अपनी बहन के प्रेम प्रसंग पर आपत्ति थी। पूछताछ में यह जानकारी मिली कि अक्सा की पड़ोस के एक युवक से बातचीत होती थी, जिसकी जानकारी परिवार को हो गई थी। परिवार उसकी जल्द शादी कराना चाहता था, लेकिन युवती इसके लिए तैयार नहीं थी। इसी बात को लेकर शुक्रवार रात घर में विवाद भी हुआ था। पुलिस को आशंका है कि इसी रंजिश में शनिवार सुबह आरोपी ने बहन को गोली मार दी। हालांकि, पुलिस हत्या के वास्तविक कारणों की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।
मृतका की मां ने बताया कि उनके पति की पहले ही मौत हो चुकी है और वह अपने बच्चों के साथ रहती हैं। उनके अनुसार शनिवार सुबह करीब छह बजे वह बाथरूम में थी। तभी गोली चलने जैसी आवाज और बेटी की चीख सुनाई दी। बाहर आकर देखा तो अक्सा जमीन पर खून से लथपथ पड़ी थी। उन्होंने तुरंत दुपट्टे से उसका सिर बांधा और परिजनों की मदद से अस्पताल लेकर पहुंचीं। मां का आरोप है कि उनकी बेटी की हत्या बड़े बेटे आरिश ने ही की है।
एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि सुबह करीब 7:10 बजे अस्पताल से सूचना मिली थी कि एक युवती को गोली लगने की हालत में भर्ती कराया गया है। जांच के दौरान पता चला कि युवती को उसके भाई ने घर में गोली मारी थी। पुलिस ने आरोपी आरिश को गिरफ्तार कर लिया है और उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त तमंचा भी बरामद कर लिया गया है। आरोपी ने पूछताछ में अपना अपराध स्वीकार किया है। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई करते हुए हत्या के पीछे की पूरी वजह की जांच कर रही है।
Location : Meerut
Published : 4 July 2026, 2:39 PM IST
Topics : crime news meerut news Murder Case up crime