हिंदी
डंपर ने ऑटो को रौंदा
Shahjahanpur: शाहजहांपुर में एक बार फिर रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां कांट-जलालाबाद हाईवे पर रविवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे एक तेज रफ्तार डंपर ने सामने से जा रहे ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा कांट थाना क्षेत्र के कमलनैनपुर चौराहे के पास हुआ, जहां ऑटो जलालाबाद की ओर जा रहा था और उसमें महिला और बच्चों सहित कुल सात लोग सवार थे। अचानक पीछे से आए डंपर ने ऑटो को इतनी जोर से टक्कर मारी कि वाहन सड़क किनारे पलट गया और चीख-पुकार मच गई।
हादसा कैसे हुआ?
जानकारी के मुताबिक, ऑटो जलालाबाद की तरफ से आ रहा था और जैसे ही वह कमलनैनपुर चौराहे के पास पहुंचा तभी पीछे से तेज गति में आ रहे डंपर ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो के परखच्चे उड़ गए और मौके पर ही अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और घायलों को बाहर निकालने में मदद की। मृतकों में कांट थाना क्षेत्र के बवक्करपुर निवासी सनी कुमार की 28 वर्षीय पत्नी रामक्षत्रिय, जलालाबाद के मोहल्ला यूसूफजई निवासी 45 वर्षीय कल्लू और एक अज्ञात व्यक्ति शामिल है।
हादसे में घायल चार लोगों में जलालाबाद के गांव नयागांव निवासी 18 वर्षीय मुस्कान, रामक्षत्रिय का चार वर्षीय पुत्र कृष्णा, थाना रामचंद्र मिशन के मोहल्ला मिश्रीपुर निवासी अनूप और ऑटो चालक नवेद शामिल हैं। सभी घायलों को तत्काल सीएचसी से राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के मुताबिक कुछ घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें निगरानी में रखा गया है।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। डंपर को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है हालांकि चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है। घटना के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया जिसे पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद खुलवाया। सीओ सिटी पंकज पंत ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना और परिजनों को हर संभव मदद का भरोसा दिया।
Location : Shahjahanpur
Published : 17 May 2026, 12:58 PM IST