इंसानों के बाद पक्षियों पर हीटवेव की मार, मुजफ्फरनगर में कई चीलों की बिगड़ी हालत

मुजफ्फरनगर के खतौली में भीषण गर्मी और हीटवेव का असर अब पक्षियों पर भी दिखाई देने लगा है। पिछले एक सप्ताह में कई चीलें आसमान से गिर गईं। वन विभाग ने सभी का रेस्क्यू कर इलाज शुरू किया, जबकि एक चील की मौत भी हो चुकी है।

Updated : 23 May 2026, 9:14 AM IST
google-preferred

Muzaffarnagar: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद में पड़ रही भीषण गर्मी और हीटवेव का असर अब केवल इंसानों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि पक्षियों पर भी इसका गंभीर प्रभाव देखने को मिल रहा है। लगातार बढ़ते तापमान के चलते पक्षियों की हालत बिगड़ती जा रही है। खासतौर पर खतौली तहसील क्षेत्र में चील जैसे बड़े पक्षी भी गर्मी की चपेट में आकर आसमान से नीचे गिर रहे हैं।

आसमान से गिर रही हैं चीलें

खतौली कस्बे में पिछले लगभग एक सप्ताह के दौरान 5 से 6 चीलों के अचानक जमीन पर गिरने के मामले सामने आए हैं। स्थानीय लोगों द्वारा इसकी सूचना वन विभाग को दी गई, जिसके बाद विभाग की टीम मौके पर पहुंची और सभी पक्षियों का रेस्क्यू किया। बताया जा रहा है कि अत्यधिक गर्मी और हीटवेव के कारण पक्षियों की हालत बिगड़ रही है, जिससे वे उड़ान भरने में असमर्थ हो रहे हैं और जमीन पर गिर पड़ रहे हैं।

Muzaffarnagar: कूड़े के ढेर में मिली सरकारी दवाइयों की खेप! एक्सपायर और नई दवाएं देखकर उड़ गए स्वास्थ्य विभाग के होश

वन विभाग ने शुरू किया रेस्क्यू अभियान

घटनाओं के लगातार सामने आने के बाद खतौली वन विभाग की टीम सक्रिय हो गई है। वन विभाग के दरोगा दीपक पुंडीर के नेतृत्व में सभी घायल चीलों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया। रेस्क्यू किए गए पक्षियों को एलआईसी वेलफेयर एनिमल सोसाइटी में रखा गया है, जहां उनका इलाज किया जा रहा है।

वन विभाग की टीम के अनुसार, जिन चीलों को समय रहते उपचार मिल गया, उनकी हालत में सुधार देखा गया है। फिलहाल पक्षियों को बेसिक ट्रीटमेंट और देखभाल दी जा रही है ताकि वे दोबारा सामान्य स्थिति में लौट सकें।

दो चीलों को किया गया रिलीज

वन विभाग के अनुसार अब तक कुल पांच चीलों को रेस्क्यू कर उपचार के लिए भेजा गया था। इनमें से दो चीलों की हालत में सुधार होने के बाद उन्हें दोबारा प्राकृतिक वातावरण में छोड़ दिया गया है। वहीं तीन अन्य चीलों का इलाज अभी भी जारी है।

हालांकि इस दौरान एक दुखद मामला भी सामने आया है, जिसमें एक चील की मौत हो गई। माना जा रहा है कि अत्यधिक गर्मी और समय पर उपचार न मिल पाने के कारण उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।

Muzaffarnagar: बाइक सवार पिता-पुत्र और मां की मौत से मचा कोहराम, फरार ट्रैक्टर ड्राइवर की तलाश में जुटी तीन टीमें

क्या बोले वन विभाग के दरोगा दीपक पुंडीर

खतौली वन विभाग के दरोगा दीपक पुंडीर ने बताया कि पिछले कुछ दिनों में चील पक्षियों के गिरने के कई मामले सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि इसका मुख्य कारण हीटवेव और भीषण गर्मी प्रतीत हो रहा है।

उन्होंने बताया कि सभी पक्षियों का रेस्क्यू कर उन्हें सुरक्षित रखा गया है। दो चीलों को उपचार के बाद रिलीज कर दिया गया है, जबकि बाकी तीन पक्षियों को बेसिक ट्रीटमेंट दिया जा रहा है। वन विभाग लगातार इन पक्षियों की निगरानी कर रहा है।

गर्मी से वन्य जीवों पर बढ़ा खतरा

भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान ने अब वन्य जीवों और पक्षियों के सामने भी बड़ा संकट खड़ा कर दिया है। खतौली में सामने आए ये मामले इस बात का संकेत हैं कि हीटवेव का असर प्राकृतिक जीवन पर भी गंभीर रूप से पड़ रहा है। वन विभाग लोगों से भी अपील कर रहा है कि यदि उन्हें कोई पक्षी घायल या बेहोशी की हालत में दिखाई दे तो तुरंत विभाग को सूचना दें, ताकि समय रहते उसका उपचार कराया जा सके।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  23 May 2026, 8:12 AM IST

Advertisement