
हमीरपुर फायरिंग मामले में एक गिरफ्तार
Hamirpur: उत्तर प्रदेश के हमीरपुर में बीच सड़क पर रोडवेज बस चालक को धमकाने और हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। राठ कोतवाली पुलिस ने घटना में शामिल एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध देशी तमंचा, खोखा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की गई अपाचे बाइक बरामद की है।
पुलिस के मुताबिक, मामला 27 नवंबर का है। राठ क्षेत्र में रोडवेज बस के आगे बाइक लगाने और उसे आगे बढ़ाने को लेकर बस चालक का बाइक सवार तीन युवकों से विवाद हो गया था। मामूली बात से शुरू हुई कहासुनी इतनी बढ़ गई कि मामला गाली-गलौज और धमकी तक पहुंच गया।
आरोप है कि ग्राम धनौरी के पास बाइक सवार युवकों ने हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाने की कोशिश की। इसके साथ ही युवकों ने रोडवेज बस चालक के साथ गाली-गलौज करते हुए उसे जान से मारने की धमकी भी दी।
घटना के बाद पीड़ित बस चालक ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। शिकायत के आधार पर राठ पुलिस ने तीन अज्ञात युवकों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज और जांच में जुटाई गई जानकारी के आधार पर पुलिस ने एक आरोपी की पहचान की।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान कीरत उर्फ भूरा राजपूत पुत्र महेश राजपूत निवासी ग्राम परा, थाना राठ, जनपद हमीरपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का अवैध देशी तमंचा, एक खोखा कारतूस और घटना में इस्तेमाल की गई अपाचे बाइक बरामद करने की जानकारी दी है।
पुलिस ने जांच और बरामदगी के आधार पर पहले से दर्ज मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 190 और आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 की बढ़ोतरी की है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है।
अहमदाबाद में AITA चुनाव संपन्न, नतीजे सीलबंद; उपाध्यक्ष पद के लिए लिएंडर पेस ने लड़ा चुनाव
फिलहाल मामले में एक आरोपी की गिरफ्तारी की जानकारी सामने आई है। घटना में शामिल बताए जा रहे अन्य दो युवकों की गिरफ्तारी को लेकर अभी कोई जानकारी नहीं दी गई है।
Location : Hamirpur
Published : 29 November 2026, 1:35 AM IST