
कानपुर-सागर राष्ट्रीय राजमार्ग पर भीषण हादसा
hamirpur: कानपुर-सागर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-34) पर बुधवार शाम सुमेरपुर थाना क्षेत्र के कुंडौरा गांव के पास महोबा डिपो की रोडवेज बस और डीजल टैंकर की आमने-सामने भीषण टक्कर हो गई। हादसे में रोडवेज बस चालक और टैंकर चालक की मौत हो गई, जबकि बस में सवार 20 से अधिक यात्री घायल हो गए। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसा कुंडौरा गांव के पास बजरंगबली मंदिर के निकट हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि रोडवेज बस का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। बस चालक स्टेयरिंग में बुरी तरह फंस गया, जिसे काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। डीजल टैंकर का केबिन भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना की चपेट में एक अन्य चारपहिया वाहन भी आ गया।
मौके पर जुटी लोगों की भीड़
हादसे में घायल बस के परिचालक ने बताया कि बस महोबा डिपो की थी और हमीरपुर से महोबा जा रही थी। बस में करीब 24 से 25 यात्री सवार थे। वह यात्रियों के टिकट काट रहा था। जैसे ही बस कुंडौरा गांव के पास पहुंची, सामने से आ रहे डीजल टैंकर से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बस में अफरा-तफरी मच गई और यात्री एक-दूसरे के ऊपर गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने शीशे तोड़कर यात्रियों को बाहर निकाला। परिचालक भी हादसे में घायल हुआ है।
घटनास्थल पर पहुंची पुलिस
सूचना मिलते ही सीओ सदर, थाना प्रभारी पवन कुमार पटेल, पुलिस बल और एंबुलेंस मौके पर पहुंच गई। पुलिस और स्थानीय लोगों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्य चलाकर घायलों को सुमेरपुर सीएचसी और जिला अस्पताल भिजवाया। हादसे के कारण हाईवे पर काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा।
थाना प्रभारी पवन कुमार पटेल ने बताया कि हादसे में दो चालकों की मौत हुई है, जबकि 20 से अधिक लोग घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।
रोडवेज के एआरएम आर.पी. साहू ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त बस महोबा डिपो की है। विभाग की टीम मौके पर मौजूद है। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया है और यात्रियों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।
लगातार हो रहे सड़क हादसों के कारण एनएच-34 पहले भी चर्चा में रहा है। स्थानीय लोग इस मार्ग पर सुरक्षा उपाय बढ़ाने और दुर्घटना संभावित स्थलों को दुरुस्त कराने की मांग लंबे समय से करते आ रहे हैं। बुधवार शाम हुआ यह हादसा एक बार फिर हाईवे की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर गया।
Location : hamirpur
Published : 6 August 2026, 1:12 AM IST