हिंदी
जावेद हबीब का लुक आउट नोटिस जारी
Sambhal: मशहूर हेयर स्टाइलिस्ट जावेद हबीब, जो अपनी सैलून फ्रेंचाइजी और ब्यूटी कंपनी के लिए प्रसिद्ध हैं, अब एक बड़े धोखाधड़ी मामले में फंसते हुए नजर आ रहे हैं। संभल पुलिस ने जावेद हबीब और उनके परिवार के खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी किया है। इस मामले में 23 एफआईआर दर्ज हो चुकी हैं और अब तक 5 करोड़ रुपये से अधिक की धोखाधड़ी सामने आ चुकी है। आरोप है कि जावेद हबीब और उनके बेटे अनस हबीब समेत तीन अन्य लोगों ने लोगों से निवेश के नाम पर धोखाधड़ी की।
दरअसल, साल 2023 में जावेद हबीब अपने बेटे के साथ संभल आए थे, जहां उन्होंने एक कार्यक्रम में अपनी कंपनी FLC के नाम से लोगों से निवेश करने की अपील की थी। इस कार्यक्रम में करीब 150 से ज्यादा लोगों ने अपनी रकम निवेश की। हालांकि, कुछ समय बाद जब निवेशकों को अपने पैसे वापस नहीं मिले, तो उन्होंने जावेद हबीब के खिलाफ धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई।
शिकायतों के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और पाया कि जावेद हबीब, उनके बेटे अनस हबीब और उनके एक साथी ने मिलकर FLC कंपनी के नाम पर धोखाधड़ी की थी। पीड़ितों से वसूली गई रकम का कोई रिटर्न उन्हें नहीं दिया गया। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने लोगों को 50 से 75 प्रतिशत मुनाफे का वादा किया था और ऑनलाइन निवेश के नाम पर उनसे भारी रकम वसूली थी। जब निवेशक अपने पैसे वापस मांगने गए, तो आरोपियों ने कंपनी बंद होने की बात कहकर उन्हें धोखा दिया।
Uttarakhand News: मंत्री रेखा आर्य का बड़ा ऐलान: दिवाली से पहले मिलेगा ये तोहफा
संभल के एसपी कृष्ण कुमार विश्नोई ने बताया कि पुलिस ने जावेद हबीब और उनके परिवार के सदस्यों के खिलाफ लुक आउट सर्कुलर (एलओसी) जारी किया है। इसका मतलब यह है कि पुलिस उन्हें विदेश जाने से रोकने के लिए कार्रवाई कर रही है। अब तक 23 एफआईआर दर्ज हो चुकी हैं और धोखाधड़ी की रकम का आंकड़ा 5 से 7 करोड़ रुपये के बीच बताया जा रहा है। पुलिस को उम्मीद है कि जैसे-जैसे लोग अपनी शिकायतें दर्ज कराएंगे, यह आंकड़ा और बढ़ सकता है।
पीड़ितों ने पुलिस को कई साक्ष्य भी दिए हैं, जिनमें ऑनलाइन ट्रांजैक्शनों के दस्तावेज शामिल हैं। मोहम्मद हिलाल, अमान, रिहान, माजिद हुसैन और मोहम्मद नईम जैसे पीड़ितों ने बताया कि उन्होंने अपने बैंक अकाउंट और यूपीआई के माध्यम से सैफुल नाम के एक शख्स को पैसे ट्रांसफर किए थे, जो खुद को FLC कंपनी का डायरेक्टर बताता था। कुछ रकम नकद में भी दी गई थी।
इसके अलावा, पीड़ितों ने पुलिस को एक वीडियो भी दिया, जिसमें सैफुल जावेद हबीब के एक कार्यक्रम में भाषण देता नजर आ रहा है। इससे यह साफ हो जाता है कि सैफुल जावेद हबीब के सीधे संपर्क में था और उसी की मदद से उसने लोगों को विश्वास में लेकर निवेश करवाए थे।
गौरतलब है कि जावेद हबीब पहले भी विवादों में रहे हैं। 2021 में मुजफ्फरनगर में एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने एक महिला के बालों पर थूका था, जिससे विवाद खड़ा हो गया था। हालांकि, उस घटना के बाद भी उनका करियर प्रभावित नहीं हुआ था। लेकिन अब उनका नाम एक बड़े धोखाधड़ी मामले में सामने आया है।
जावेद हबीब एक प्रसिद्ध हेयर स्टाइलिस्ट और ब्यूटी व्यवसायी हैं। उनकी कंपनी "जावेद हबीब एंड ब्यूटी लिमिटेड" देशभर में फैली हुई है और उनके सैलून की फ्रेंचाइजी भारत समेत विदेशों में भी है। जावेद हबीब का परिवार भी इस क्षेत्र में प्रसिद्ध रहा है और उनके दादा-परदादा ने कई बड़े नेताओं के बाल काटे थे। जावेद हबीब को बॉलीवुड और क्रिकेट की कई बड़ी हस्तियों के हेयर स्टाइलिस्ट के रूप में जाना जाता है। उन्होंने अमिताभ बच्चन, लता मंगेशकर, सलमान खान और रणबीर कपूर जैसे स्टार्स के बाल काटे हैं।
Location : Sambhal
Published : 8 October 2025, 8:23 AM IST