

जिले में एक पोते ने दादा की हत्या कर दी। जिसके बाद इलाके में तनाव का माहौल पैदा हो गया है। पढ़िए डाइनामाइट न्यूज की यह रिपोर्ट
संपत्ति विवाद में दादा की हत्या
बागपत: दोघट कस्बे में संपत्ति विवाद ने एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। इस घटना ने क्षेत्र में तनाव का माहौल पैदा कर दिया है। इस दुखद घटना में 75 वर्षीय सत्यवीर की उनके पोते सचिन ने लाठी-डंडों से पीटकर हत्या कर दी। घटना के समय सत्यवीर अपने घर पर ही थे। जिसमें उनकी पुत्रवधू सोनी और पोती अदिति भी मौजूद थीं।
डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के अनुसार, झगड़ा उस समय शुरू हुआ। जब सचिन घर आया और अपने दादा से संपत्ति अपने नाम करने की मांग करने लगा। परिवार में लंबे समय से इस संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। जिसमें सचिन का कहना था कि वह अपने दादा की संपत्ति का हकदार है। वहीं, सत्यवीर इस बात से इनकार कर रहे थे और उन्होंने इस मांग को खारिज कर दिया। इस बात को लेकर दोनों के बीच तकरार बढ़ने लगी।
फिर कर दी हत्या
जैसे ही सचिन ने अपने दादा से संपत्ति का दावा करने का प्रयास किया, सत्यवीर ने मना कर दिया। इस पर गुस्साए सचिन ने घर में ही लाठी-डंडों से हमला कर दिया, जिससे सत्यवीर गंभीर रूप से घायल हो गए। हमला करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। परिवार के सदस्य तत्काल घायल सत्यवीर को अस्पताल लेकर गए। जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया।
हत्या का मुकदमा दर्ज
मृतक के बेटे लोकेंद्र ने तुरंत ही थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी। उन्होंने आरोपी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराते हुए कहा कि सचिन उनके परिवार का ही सदस्य है, जो इस हिंसक कदम तक पहुंच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का बयान
सीओ बड़ौत विजय कुमार ने बताया कि आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी कर पूछताछ कर रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाया जा रहा है कि उसने यह कदम क्यों उठाया और इस घटना का मकसद क्या था। साथ ही पूरे मामले की छानबीन की जा रही है। जिससे आगे की कार्रवाई की जा सके।
संपत्ति को लेकर चल रहा वर्षों का विवाद
इस घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है और लोग इस हिंसक घटना पर स्तब्ध हैं। परिवार के सदस्यों का कहना है कि संपत्ति को लेकर चल रहा विवाद वर्षों पुराना था, लेकिन इस स्तर की हिंसा पहले कभी नहीं देखी गई थी। पुलिस ने बताया कि मामला गंभीर है और आरोपी को कड़ी सजा दिलाने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।