हिंदी
महराजगंज में भव्य तिरंगा महोत्सव
Maharajganj: आज जनपद के बाला जी लॉन में जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा की अध्यक्षता में भव्य तिरंगा महोत्सव का आयोजन हुआ। यह आयोजन प्रधानमंत्री द्वारा शुरू किए गए हर घर तिरंगा अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और देश की आजादी के अमर सपूतों को नमन करने के उद्देश्य से किया गया।
डाइनामाइट न्यूज संवाददाता के अनुसार कार्यक्रम का शुभारंभ जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी एवं वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया। उद्घाटन सत्र में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय की छात्राओं ने “विजयी भवः” गीत प्रस्तुत कर पूरे माहौल को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। इसके बाद राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, आनंदनगर, राजकीय हाई स्कूल सेमरा चंद्रौली, दिग्विजयनाथ बालिका इंटर कॉलेज, पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय सहित विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओतप्रोत प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। लोकगायक दिग्विजय मौर्या और गायक कुमार सुजीत ने अपनी मधुर प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
अपने संबोधन में जिलाधिकारी ने कहा कि “हर घर तिरंगा अभियान” सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं बल्कि देश के प्रति सम्मान और गर्व का प्रतीक है। उन्होंने अपील की कि 15 अगस्त तक घर, दुकान, बाजार, गांव और नगर को तिरंगे से सजाकर अभियान को सफल बनाएं। उन्होंने कहा कि यह अभियान हमारे स्वतंत्रता सेनानियों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि यह आयोजन हमें एक भारतीय होने पर गर्व महसूस कराता है और नई पीढ़ी को देशभक्ति का संदेश देता है।
महोत्सव के तहत रक्तदान शिविर, तिरंगा चित्र प्रदर्शनी, विभिन्न विभागों के स्टॉल और तिरंगा सेल्फी प्वाइंट का आयोजन हुआ। जिलाधिकारी ने रक्तदान शिविर का उद्घाटन किया और प्रदर्शनी का अवलोकन कर प्रतिभागियों की सराहना की। उन्होंने रंगोली प्रदर्शन को भी सराहा। वरिष्ठ अधिकारियों और अतिथियों ने सेल्फी प्वाइंट पर फोटो खिंचवाकर harghartiranga.com पोर्टल पर अपलोड किया।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के फ्रंटलाइन कर्मियों और युवा खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। पंचायती राज, ग्राम विकास, बेसिक शिक्षा और चिकित्सा विभाग सहित कई विभागों के कर्मियों को प्रशस्ति पत्र दिए गए, वहीं युवा खिलाड़ियों को खेल किट प्रदान की गई। नशा मुक्ति शपथ और राष्ट्रगान के साथ मुख्य कार्यक्रम का समापन हुआ।
इसके उपरांत बालाजी लॉन से सक्सेना चौक तक भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। इसमें कलेक्ट्रेट, विकास भवन, पुलिस विभाग, विद्यालयों के छात्र-छात्राएं और आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। रैली का मुख्य आकर्षण आठ विद्यालयों के छात्रों द्वारा 500 मीटर लंबे तिरंगे के साथ किया गया पैदल मार्च रहा, जिसने पूरे मुख्य मार्ग को तिरंगामय बना दिया।
Location : Maharajganj
Published : 12 August 2025, 9:24 PM IST
Topics : District Magistrate Santosh Kumar Sharma Freedom struggle Maharajganj Patriotic celebration Tricolor Campaign in every home Tricolor Festival