
अखिलेश यादव (सोर्स: डाइनामाइट न्यूज़)
Kannauj: कन्नौज की सियासी जमीन पर रविवार को बयानबाज़ी का पारा उस वक्त अचानक चढ़ गया, जब समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और सांसद अखिलेश यादव ने बीजेपी सरकार पर एक के बाद एक ऐसे वार किए, जिन्होंने पूरे राजनीतिक माहौल को गर्मा दिया। किसानों से लेकर नौजवानों तक, मंडियों से लेकर स्मार्ट मीटर तक और देश की विदेश नीति से लेकर 2027 के चुनाव तक अखिलेश ने बीजेपी पर सीधे और तीखे आरोप लगाए। उनका अंदाज़ साफ था, भाषा आक्रामक थी और निशाना पूरी तरह सत्ता पर।
एक दिवसीय दौरे पर कन्नौज पहुंचे अखिलेश यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि बीजेपी सरकार विकास की बातें तो बहुत करती है, लेकिन जमीन पर विकास नहीं बल्कि विनाश दिखाई दे रहा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर सच में विकास गिनना हो, तो समाजवादी पार्टी के काम गिनने पड़ेंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी के एजेंडे में न नौकरी है और न ही किसान।
आज अखिलेश यादव कन्नौज के लोगों से जानेंगे उनका सुख-दुख, पढे़ं पूरा शेड्यूल
अखिलेश यादव ने किसानों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि बीजेपी ने आलू खरीदने का वादा किया था, लेकिन एक किलो आलू तक नहीं खरीदा। उन्होंने कहा कि सरकार की गलत नीतियों ने मंडी व्यवस्था को पूरी तरह चौपट कर दिया है और इसका सबसे बड़ा नुकसान किसानों को उठाना पड़ रहा है। उनके मुताबिक किसान लगातार ठगा जा रहा है।
बीजेपी की विचारधारा पर हमला बोलते हुए अखिलेश ने कहा कि बीजेपी ने कभी भारत के झंडे को दिल से नहीं अपनाया। उन्होंने कहा कि गठन के समय जयप्रकाश नारायण को जगह तो दी गई, लेकिन समाजवादी सिद्धांतों को कभी स्वीकार नहीं किया गया। उन्होंने यह भी कहा कि जब समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी चुनाव में मजबूत होती हैं, तब बीजेपी को बाबा साहेब आंबेडकर की याद आने लगती है।
UP Politics: अखिलेश यादव के ये दो बड़े फैसले, बसपा की आंखें खुली की खुली! मायावती क्या करेंगी?
अखिलेश यादव ने स्मार्ट मीटर को लेकर भी बीजेपी को घेरा। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने यह मीटर लगवाए, वही अब इसके खिलाफ बोल रहे हैं। यहां तक कि बीजेपी के अपने जिलाध्यक्ष भी इससे परेशान हैं। उन्होंने इसे “प्रीपेड पीड़ा” बताया। वहीं एनआरसी जैसे मुद्दों पर भी हमला बोलते हुए कहा कि बीजेपी का काम वोट जोड़ना कम और तोड़ना ज्यादा है। अंत में उन्होंने साफ कहा कि समाजवादी पार्टी 2027 के चुनाव की तैयारी में जुट चुकी है और कन्नौज की तीनों सीटें जीतने का लक्ष्य लेकर चल रही है।
Location : Kannauj
Published : 6 April 2026, 5:02 PM IST