गोरखपुर से शुक्रवार सुबह एक सनसनीखेज मामला सामने आया, जब एक अज्ञात युवक का शव पेड़ से लटका हुआ मिला। घटना बौलिया कॉलोनी स्थित पोखरे के पास की बताई जा रही है। सुबह टहलने निकले स्थानीय लोगों की नजर जैसे ही पेड़ से लटके शव पर पड़ी सनसनी फैल गई।

आत्महत्या या साजिश जांच जारी (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
गोरखपुर: शहर के शाहपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक सनसनीखेज मामला सामने आया, जब एक अज्ञात युवक का शव पेड़ से लटका हुआ मिला। घटना बौलिया कॉलोनी स्थित पोखरे के पास की बताई जा रही है। सुबह टहलने निकले स्थानीय लोगों की नजर जैसे ही पेड़ से लटके शव पर पड़ी, इलाके में हड़कंप मच गया और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
क्या है पूरी घटना?
घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही शाहपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को घेरकर जांच शुरू कर दी। युवक के गले में फंदा लगा हुआ था, जिससे प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है। हालांकि, पुलिस ने किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले सभी पहलुओं की गहन जांच शुरू कर दी है।
मामले की जांच जारी
मामले की गंभीरता को देखते हुए फारेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए और आसपास के क्षेत्र की बारीकी से जांच की। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल की स्थिति और मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की जानकारी मिलते ही एसपी सिटी निमिष पाटील भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए मामले की गहराई से जांच करने के निर्देश दिए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जिससे मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सके।
युवक को पहचानने से इनकार
मौके पर मौजूद लोगों से शव की पहचान कराने की कोशिश की गई, लेकिन मौजूद सभी ने युवक को पहचानने से इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने आसपास के थानों और जिलों में युवक की फोटो भेजकर पहचान कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
एसपी सिटी ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो सकेगी। फिलहाल पुलिस आत्महत्या सहित अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखते हुए हर एंगल से जांच में जुटी है।