Gorakhpur: इंटर कॉलेज की छत पर फंदे से लटका मिला किशोर का शव, प्रशासन में मचा हड़कंप

गोरखपुर से एक दर्दनाक और सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां 15 वर्षीय किशोर का शव गांव के पास स्थित किसान इंटर कॉलेज भूपगढ़ की छत पर फंदे से लटका हुआ मिला।

Gorakhpur: गोला थाना क्षेत्र के ग्राम दामोदरा बैकुंठपुर में मंगलवार एक दर्दनाक और सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां 15 वर्षीय किशोर का शव गांव के पास स्थित किसान इंटर कॉलेज भूपगढ़ की छत पर फंदे से लटका हुआ मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई।

यह है पूरा मामला

मृतक की पहचान पवन यादव (15) पुत्र कृष्ण मुरारी यादव, निवासी बेसहनी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि पवन अपनी मां के साथ उसके मायके में रह रहा था। परिजनों के अनुसार, सोमवार की दोपहर करीब 11 से 12 बजे के बीच वह गेहूं कटवाने के लिए मजदूर तलाशने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटा।

शाम तक जब पवन का कोई पता नहीं चला तो परिजन चिंतित हो उठे और उसकी खोजबीन शुरू कर दी। रातभर परिजन और ग्रामीण आसपास के इलाकों में उसे तलाशते रहे, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसी बीच मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने घर के पास स्थित किसान इंटर कॉलेज भूपगढ़ के परिसर में एक किशोर के शव को छत पर फंदे से लटका हुआ देखा। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान पवन के रूप में की।

Gorakhpur: राप्ती नदी में लापता चार किशोरों की कहानी का दर्दनाक खुलासा, जानिये पूरा अपडेट

आनन-फानन में पहुंचे परिजन

परिजनों ने आनन-फानन में शव को नीचे उतारा और घर ले आए, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर गोला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

गोरखपुर: मारपीट के सनसनीखेज मामले में पुलिस को बड़ी सफलता, आरोपी गिरफ्तार

प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस इसे संदिग्ध मानते हुए हर पहलू से जांच कर रही है। किशोर के इस कदम के पीछे की वजह अब तक स्पष्ट नहीं हो सकी है। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं गांव में मातम पसरा हुआ है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल मामले की गंभीरता से जांच जारी है।

Location :  Gorakhpur

Published :  7 April 2026, 4:06 PM IST

Advertisement