
गोरखपुर में बच्चे के गायब होने से हड़कंप
Gorakhpur: स्कूल की छुट्टी के बाद ऑटो से घर लौट रहा कक्षा 4 का छात्र अचानक गायब हो गया। छात्र के लापता होने की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। कैंट पुलिस, क्राइम ब्रांच और सर्विलांस टीम ने तत्काल तलाश शुरू की। करीब 5 घंटे तक चले अभियान के बाद छात्र को स्कूल से करीब 80 किलोमीटर दूर तमकुहीराज में एक ट्रेन से बरामद कर लिया गया। छात्र के मिलने के बाद पुलिस ने राहत की सांस ली।
जानकारी के मुताबिक, राप्तीनगर निवासी मनोज गिरी का 9 वर्षीय पुत्र पद्मनाभ गिरी शहर के एक स्कूल में कक्षा 4 का छात्र है। बुधवार दोपहर करीब 1:40 बजे सिविल लाइंस क्षेत्र में स्कूल की छुट्टी होने के बाद वह ऑटो से अपने घर जा रहा था।
बताया जा रहा है कि ऑटो चालक आशीष रास्ते में एक बच्ची के लिए चिप्स लेने के लिए कुछ देर के लिए ऑटो से उतरा था। करीब एक-दो मिनट बाद जब वह वापस लौटा तो छात्र ऑटो में नहीं था। हालांकि उसका स्कूल बैग ऑटो में ही रखा हुआ था। अचानक छात्र के गायब होने से ऑटो चालक के होश उड़ गए और उसने इसकी सूचना पुलिस को दी।
मामले की जानकारी मिलते ही कैंट पुलिस मौके पर पहुंची और छात्र की तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने क्राइम ब्रांच और सर्विलांस टीम को भी जांच में लगाया। टीमों ने छात्र के स्कूल से निकलने के बाद संभावित रास्तों और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की।
पुलिस ने करीब पांच स्कूलों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और छात्र की गतिविधियों की जानकारी जुटाई। लगातार प्रयास के बाद पुलिस को छात्र के तमकुहीराज पहुंचने की जानकारी मिली, जिसके बाद उसे ट्रेन से बरामद कर लिया गया।
पुलिस पूछताछ में ऑटो चालक आशीष ने बताया कि छात्र पहले भी कई बार घर से भागने की कोशिश कर चुका है। वहीं, पुलिस छात्र से भी घटना को लेकर जानकारी जुटा रही है। बताया जा रहा है कि छात्र के पिता कतर में रहते हैं।
छात्र के सकुशल मिलने के बाद परिवार ने राहत की सांस ली है। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है कि आखिर छात्र ऑटो से उतरकर ट्रेन तक कैसे पहुंचा और उसके पीछे क्या वजह रही।
Location : Gorakhpur
Published : 10 September 2026, 6:22 AM IST