एक फोन कॉल का खूनी खौफ: गोरखपुर में युवक को चेन-कुल्हाड़ी से पीटा, 60 मिनट में तीनों आरोपी सलाखों के पीछे

गोरखपुर के सिकरीगंज में लड़की से फोन पर बातचीत के विवाद में तीन युवकों ने एक युवक पर लाठी, रॉड, चेन और कुल्हाड़ी से जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए महज 1 घंटे के अंदर तीनों आरोपियों को दबोच लिया।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 17 August 2026, 10:38 AM IST

Gorakhpur: गोरखपुर के सिकरीगंज थाना क्षेत्र के हर्रेडाड़ गांव में एक साधारण सी फोन कॉल ने खूनी रूप ले लिया। वादिनी की बेटी और किशन नाम के स्थानीय युवक के बीच फोन पर बातचीत होती थी।

इसी बात का हिसाब-किताब चुकता करने के लिए जब पूछताछ शुरू हुई, तो मामला शांत होने के बजाय अचानक बेकाबू हो गया। देखते ही देखते जुबानी बहस ने हिंसक झड़प का रूप धारण कर लिया और मामूली विवाद जानलेवा रंजिश में बदल गया।

तालिबानी अंदाज में हमला, चेन और कुल्हाड़ी से पीटा

आरोप है कि पूछताछ के दौरान गुस्साए किशन ने अपने साथियों ऋषिकेश उर्फ खुश्शू और यश के साथ मिलकर वादिनी के बेटे पर हमला बोल दिया। आरोपियों ने तालिबानी बर्बरता दिखाते हुए युवक को लाठी-डंडों, लोहे की रॉड और मोटरसाइकिल की लोहे वाली भारी चेन से दौड़ा-दौड़कर बेरहमी से पीटा। यही नहीं, वारदात के दौरान कुल्हाड़ी का इस्तेमाल भी किया गया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। हमले में पीड़ित युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।

गोरखपुर में मौत की डोर बेचने वालों पर वार, पुलिस ने ऐसे किया चाइनीज मांझे का भंडाफोड़

तहरीर मिलते ही पुलिस की सुपरफास्ट एक्शन टीम

घटना के बाद पीड़िता की शिकायत मिलते ही सिकरीगंज पुलिस तुरंत एक्शन मोड में आ गई। पुलिस अधीक्षक दक्षिणी के मार्गदर्शन और सीओ खजनी के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष आशीष कुमार दूबे की अगुवाई में विशेष टीम बनाई गई।

कांस्टेबल नरेंद्र, उपेंद्र, कमलेश, दिनेश और विश्लेन्द्र यादव की टीम ने गांव में घेराबंदी कर दी। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज 60 मिनट (एक घंटे) के भीतर तीनों नामजद आरोपियों किशन, ऋषिकेश और यश को हर्रेडाड़ गांव से ही धर दबोचा।

गोरखपुर में कांवड़ यात्रा के बीच मौत का करंट, डीजे छूते ही दो कांवड़िए झुलसे; एक की गई जान

सलाखों के पीछे आरोपी, गांव में शांति बहाल

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल कुल्हाड़ी और मोटरसाइकिल की चेन भी बरामद कर ली है। तीनों आरोपियों के खिलाफ बीएनएस (BNS) की धारा 115(2), 109(1) और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। सिकरीगंज पुलिस के इस 1 घंटे के त्वरित 'क्रैकडाउन' से न सिर्फ आरोपी पकड़े गए, बल्कि गांव में भड़कने वाला तनाव भी पूरी तरह नियंत्रित हो गया।

Location :  Gorakhpur

Published :  17 August 2026, 10:38 AM IST