हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (image source: internet)
Gorakhpur: उत्तर प्रदेश में गोरखपुर के बेलघाट थाना क्षेत्र स्थित मुकारीपुर गांव में मंगलवार रात एक दर्दनाक घटना सामने आई। प्रेम विवाह करने वाले दंपती शादाब (25) और निकहत निशा (24) की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बुधवार सुबह जब काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो परिवार वालों को शक हुआ।
कई बार आवाज लगाने के बाद भी अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद परिजनों ने खिड़की से झांककर देखा तो उनके होश उड़ गए। कमरे में शादाब का शव सीलिंग फैन से लटका हुआ था, जबकि गर्भवती निकहत बेड पर मृत अवस्था में पड़ी थी। बताया जा रहा है कि निकहत के मुंह से झाग निकल रहा था।
शोर मचने पर गांव के लोग मौके पर जुट गए और दरवाजा तोड़कर दोनों को बाहर निकाला गया। सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
परिजनों के मुताबिक शादाब और निकहत ने नवंबर 2025 में प्रेम विवाह किया था। निकहत बचपन से मुंबई में पली-बढ़ी थी और शादी के बाद गांव के माहौल में खुद को ढालने में परेशानी महसूस कर रही थी। परिवार का कहना है कि पिछले कुछ समय से दोनों के बीच विवाद बढ़ने लगे थे।
बताया जा रहा है कि आर्थिक परेशानियों और बेरोजगारी को लेकर भी दोनों के बीच तनाव रहता था। रोजमर्रा की छोटी-छोटी बातों पर झगड़े होने लगे थे, जिससे घर का माहौल लगातार खराब हो रहा था मंगलवार रात भी दोनों ने परिवार के साथ खाना खाया और फिर अपने कमरे में चले गए। उस समय किसी को अंदेशा नहीं था कि सुबह इतनी बड़ी घटना सामने आएगी।
पुलिस की शुरुआती जांच में जहरीला पदार्थ खाने और बाद में फंदा लगाकर आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस हत्या के बाद आत्महत्या वाले एंगल से भी जांच कर रही है। एसपी साउथ दिनेश पुरी के मुताबिक कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था और फिलहाल किसी बाहरी व्यक्ति के प्रवेश के संकेत नहीं मिले हैं।
जांच के दौरान पुलिस ने दोनों के मोबाइल फोन कब्जे में ले लिए हैं। मोबाइल अभी लॉक हैं, जिन्हें खोलने के लिए साइबर और फॉरेंसिक विशेषज्ञों की मदद ली जा रही है। पुलिस को कुछ व्हाट्सएप चैट भी मिली हैं, जिनसे दोनों के रिश्तों में तनाव की बात सामने आ रही है।
Balrampur: नौनिहालों की सुरक्षा के मद्देनजर, जर्जर स्कूलों पर होगा एक्शन
दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मोबाइल चैट और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी। घटना के बाद गांव और परिवार में मातम पसरा हुआ है।
Location : Gorakhpur
Published : 13 May 2026, 3:48 PM IST