चार घरों में चोरी के बाद पकड़ा गया आरोपी थाने से भागा, दीवान निलंबित, शुरू हुई जांच

सहजनवा के डोहरिया कला गांव में चार घरों में चोरी के बाद ग्रामीणों ने एक आरोपी को पकड़कर पुलिस को सौंपा, लेकिन आरोपी थाने से ही फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। एसएसपी ने दीवान को निलंबित कर जांच शुरू करा दी है।

Updated : 19 May 2026, 10:40 AM IST
google-preferred

Gorakhpur: सहजनवा थाना क्षेत्र में चोरी की वारदात के बाद पुलिस की बड़ी लापरवाही सामने आई है। ग्रामीणों द्वारा रंगे हाथ पकड़ा गया चोरी का आरोपी पुलिस हिरासत से ही फरार हो गया। घटना के बाद पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले को गंभीर मानते हुए एसएसपी डॉ कौस्तुभ ने ड्यूटी पर तैनात दीवान को तत्काल निलंबित कर दिया है और पूरे प्रकरण की जांच एसपी नार्थ को सौंप दी गई है।

सहजनवा में ग्रामीणों ने दबोचा चोर

जानकारी के अनुसार सहजनवा थाना क्षेत्र के डोहरिया कला गांव के टोला बिकुरहा में देर रात तीन से चार संदिग्ध युवक चोरी की नीयत से घुसे थे। चोरों ने सबसे पहले ईश्वर चौरसिया के घर से मोबाइल फोन चोरी किया। इसके बाद वीरेंद्र के घर से भी मोबाइल पार कर दिया। आरोपियों ने छैल चौरसिया के घर में घुसकर सोने-चांदी के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। इसके बाद चोर दिनेश चौरसिया के घर में वारदात को अंजाम देने की कोशिश कर रहे थे।

Gorakhpur: गोला तहसील दिवस में हंगामा! पत्थर नसब में देरी पर महिलाओं का फूटा गुस्सा

इसी दौरान ईश्वर चौरसिया की नींद खुल गई। मोबाइल गायब मिलने पर परिजनों ने दूसरे नंबर से कॉल किया तो पड़ोस की दिशा से घंटी बजने लगी। शक होने पर ग्रामीण सतर्क हो गए और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। अंधेरे का फायदा उठाकर दो-तीन आरोपी मौके से फरार हो गए, लेकिन एक युवक ग्रामीणों के हत्थे चढ़ गया।

पुलिस हिरासत से फरार आरोपी

ग्रामीणों ने पकड़े गए आरोपी की तलाशी ली तो उसके पास से चोरी के मोबाइल और जेवरात बरामद हुए। इसके बाद आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर ही रही थी कि रविवार देर शाम बड़ा घटनाक्रम हो गया। आरोपी ने ड्यूटी पर मौजूद मुंशी से लघुशंका जाने की बात कही। एक पुलिसकर्मी उसे बाहर लेकर गया, लेकिन आरोपी जवान को चकमा देकर फरार हो गया।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

थाने से आरोपी के भागते ही पुलिस विभाग में अफरा-तफरी मच गई। रातभर पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुटी रही, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि जब आम लोग चोर पकड़ सकते हैं तो पुलिस आरोपी को सुरक्षित क्यों नहीं रख सकी।

Gorakhpur News: हाइवे पर ट्रैफिक पुलिस का बड़ा एक्शन: 70 शराबी चालक धराए, 1085 वाहनों की जांच से मचा हड़कंप

इधर ग्रामीणों ने यह भी दावा किया है कि रात में डोहरिया कला चौराहे पर एक संदिग्ध बाइक लावारिस हालत में मिली थी। सूचना मिलने पर पुलिस बाइक को ट्रैक्टर-ट्रॉली से थाने ले गई। ग्रामीणों को आशंका है कि बाइक चोरी करने आए आरोपियों की ही हो सकती है।

एसएसपी डॉ कौस्तुभ ने मामले को गंभीर लापरवाही बताते हुए कहा है कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Gorakhpur

Published :  19 May 2026, 10:40 AM IST

Advertisement