Gorakhpur: नशे की लत ने छीनी जिंदगी, पिता-छोटा भाई हिरासत में

जनपद के सहजनवा थाना क्षेत्र एक परिवार उस समय बिखर गया, जब घरेलू विवाद के दौरान एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 10 May 2026, 5:17 PM IST

Gorakhpur: जनपद के सहजनवा थाना क्षेत्र के भरपही गांव में घरेलू विवाद के दौरान एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में सनसनी फैल गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने मामले में मृतक के पिता और छोटे भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक भरपही गांव निवासी 32 वर्षीय संजय गौड़ रोजी-रोटी के सिलसिले में प्रदेश से बाहर रहकर मजदूरी करता था। करीब एक सप्ताह पहले ही वह घर लौटा था। ग्रामीणों के अनुसार संजय पिछले कुछ समय से शराब के नशे का आदी हो गया था, जिसके कारण घर में आए दिन विवाद होता रहता था।

शनिवार रात करीब नौ बजे संजय शराब के नशे में घर पहुंचा। इसी बात को लेकर उसकी पत्नी, पिता और छोटे भाई से कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और घर के भीतर धक्का-मुक्की होने लगी। इसी दौरान संजय अचानक संतुलन खो बैठा और जमीन पर गिर पड़ा। गिरने से उसके सिर में गंभीर चोट लग गई। परिजन उसे संभाल पाते, इससे पहले ही उसकी हालत बिगड़ गई और कुछ ही देर में उसकी सांसें थम गईं।

घर से उठी चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। सूचना मिलते ही पुलिस चौकी समधिया और सहजनवा थाना की टीम गांव पहुंच गई। क्षेत्राधिकारी गीडा योगेंद्र सिंह और थाना प्रभारी संजय कुमार मिश्र ने मौके का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया, जबकि फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।

गोरखपुर में शादी में बवाल, ईंट-पत्थर से हमला कर युवक की हत्या

पुलिस की कार्रवाई

पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मृतक के पिता और छोटे भाई को हिरासत में ले लिया है। दोनों से अलग-अलग पूछताछ की जा रही है ताकि घटना की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।

ग्रामीणों के मुताबिक संजय एक बेटे और एक बेटी का पिता था। आर्थिक तंगी के बीच वह परिवार चलाने के लिए बाहर कमाने जाता था, लेकिन नशे की लत ने उसके परिवार की खुशियां छीन लीं। गांव में घटना के बाद मातम पसरा हुआ है।

गोरखपुर में सड़क निर्माण पर बवाल, क्या यही है विकास का मॉडल?

पुलिस का बयान

थाना प्रभारी संजय कुमार मिश्र ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का खुलासा होगा। तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Gorakhpur

Published :  10 May 2026, 5:13 PM IST