हिंदी
5 साल का मासूम अचानक हुआ गायब
Gorakhpur: सहजनवा नगर पंचायत के वार्ड संख्या 9 पिपरा से पांच वर्षीय मासूम के रहस्यमय ढंग से लापता होने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। परिजनों ने बच्चे के अपहरण की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस प्रशासन पूरी रात बच्चे की तलाश में जुटा रहा। हालांकि समाचार लिखे जाने तक मासूम का कोई सुराग नहीं मिल सका है।
जानकारी के अनुसार वार्ड संख्या 9 पिपरा निवासी अंशुमान सिंह (5 वर्ष), पुत्र विनय सिंह, गुरुवार की शाम करीब पांच बजे घर के बाहर फुल्की खाने के लिए निकला था। घर के पास फुल्की बेचने वाला आया था, जहां बच्चे ने फुल्की खाई और उसकी दादी ने विक्रेता को पैसे भी दिए। इसके बाद फुल्की विक्रेता कुछ दूरी पर चला गया और बताया जा रहा है कि अंशुमान भी उसके पीछे-पीछे निकल गया।
काफी देर तक जब बच्चा वापस घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, लेकिन कहीं कोई पता नहीं चला। रात बढ़ने के साथ परिजनों की चिंता बढ़ती गई और उन्होंने सहजनवा थाने में बच्चे के अपहरण की आशंका जताते हुए सूचना दी।
गोरखपुर पुलिस का बड़ा खुलासा: ₹50 लाख के गहनों की खरीदारी और वीडियो कॉल का वो ‘साइबर जाल’
सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। क्षेत्राधिकारी गीडा के. एन. आनंद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तत्काल खोज अभियान शुरू किया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, रेलवे स्टेशन और उसके आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान आरपीएफ और जीआरपी की टीम भी पुलिस के साथ तलाश अभियान में शामिल रही।
पूरी रात पुलिस नगर और आसपास के इलाकों में बच्चे की तलाश करती रही। शुक्रवार सुबह करीब सात बजे सूचना मिली कि बच्चा कौड़ीराम क्षेत्र में देखा गया है। सूचना मिलते ही सीओ गीडा के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल कौड़ीराम पहुंची, लेकिन जांच में सूचना पूरी तरह झूठी निकली। इसके बाद पुलिस टीम वापस लौट आई और पुनः तलाश अभियान शुरू कर दिया।
गोरखपुर में घर से कुछ कदम दूर हुआ ऐसा क्या, जो रहस्यमय ढंग से गायब हो गया मासूम?
मासूम के लापता होने से परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। मोहल्ले के लोग भी बच्चे की सकुशल बरामदगी की दुआ कर रहे हैं। पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है तथा फुल्की विक्रेता की पहचान और उसके संभावित ठिकानों की भी पड़ताल की जा रही है।
इस संबंध में सीओ गीडा के. एन. आनंद ने बताया कि पुलिस की कई टीमें बच्चे की तलाश में लगातार लगी हुई हैं। सभी संभावित स्थानों पर खोजबीन की जा रही है और जल्द ही बच्चे को सकुशल बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है।
Location : Gorakhpur
Published : 4 July 2026, 1:27 AM IST